दर्यापुर उप-जिला अस्पताल के कर्मचारियों के आवास का मुद्दा अधर में
47 पदों में 10 रिक्त, डॉक्टर-नर्स समेत कर्मचारियों को रोजाना करना पड़ रहा आवागमन

दर्यापुर /दि.22- मरीजों को दिन-रात स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले दर्यापुर उप-जिला अस्पताल के कर्मचारियों के लिए आवास की सुविधा का मुद्दा लंबे समय से लंबित है. अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारियों को रहने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किराए के कमरों में रहना पड़ रहा है, जबकि आसपास के गांवों से कुछ कर्मचारी रोजाना आवागमन करते हैं.
उप-जिला अस्पताल में कुल 47 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 10 पद रिक्त हैं और 37 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं. अस्पताल में आपातकालीन एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी रहती हैं. ऐसे में अस्पताल के पास कर्मचारियों के लिए सुरक्षित आवास सुविधा उपलब्ध होना जरूरी माना जा रहा है.
* कुछ कर्मचारी किराए के कमरों में
स्वास्थ्य क्षेत्र में आपात स्थिति कभी भी उत्पन्न हो सकती है. ऐसे में अस्पताल के कर्मचारियों का तत्काल उपलब्ध रहना महत्वपूर्ण होता है. इसी कारण कुछ कर्मचारी शहर में किराए के कमरों में रह रहे हैं, जबकि कुछ कर्मचारी आसपास के गांवों से रोजाना अस्पताल पहुंचते हैं. विशेषकर रात के समय आपातकालीन सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के लिए अस्पताल के नजदीक सुरक्षित आवास की सुविधा आवश्यक है. कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से आवास उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है.
* वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क
कर्मचारियों के आवास का मुद्दा गंभीर और आवश्यक है. इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है और लगातार फॉलोअप किया जा रहा है. वरिष्ठ अधिकारियों को इस विषय पर तत्काल ध्यान देकर उप-जिला अस्पताल के कर्मचारियों के लिए उचित आवास व्यवस्था उपलब्ध करानी चाहिए.
– डॉ. संतोष दाबेराव, वैधकीय अधीक्षक, उप-जिला अस्पताल, दर्यापुर.
* जल्द समाधान का आश्वासन
दर्यापुर उप-जिला अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों के लिए आवास की कमी निश्चित रूप से गंभीर समस्या है. कर्मचारियों द्वारा इस मामले में लगातार फॉलोअप किए जाने की जानकारी मिली है. संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आवास की समस्या का जल्द समाधान करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे.
– गजानन लवटे, विधायक, दर्यापुर-अंजनगांव निर्वाचन क्षेत्र.





