बडनेरा के नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
योग से स्वस्थ तन, शांत मन और सकारात्मक जीवन का संदेश

बडनेरा/दि. 22– अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बडनेरा में नन्हे बच्चों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया. कार्यक्रम का आयोजन जिला अमेच्योर स्पोर्ट कराटे-डो एसोसिएशन, अमरावती के सचिव सेंसाई सोनल रंगारी के मार्गदर्शन में किया गया. इस अवसर पर बच्चों को योग के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी गई.
सेंसाई सोनल रंगारी ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का प्रत्यक्ष अभ्यास करवाते हुए बताया कि योग भारत की प्राचीन शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक साधना पद्धति है, जो शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करती है. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन प्रस्तुत किए और योग के प्रति विशेष रुचि दिखाई. आयोजन में उपस्थित अभिभावकों एवं नागरिकों ने भी बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन पर संस्था के अध्यक्ष प्रा. डॉ. खुशाल अलसपुरे, राम पांडे, संघरक्षक बडगे, राहुल रंगारी, शुभम मोहतुरे, अमर नंदेश्वर, राजेश वानखेडे, शुभम इंगले, मनोज ठाकरे तथा हितेंद्र मेश्राम सहित सभी पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों की सराहना की. बडनेरा शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में ऐसे जनहित एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की.





