हल्दी की रस्म से पहले टूटा रिश्ता
कार, एसी और 15 तोला सोने की मांग पर दूल्हे ने तोड़ी शादी

* फ्रेजरपुरा पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.20- अमरावती में दहेज की मांग को लेकर एक शादी ऐन वक्त पर टूट गई. जिस घर में हल्दी और शादी की तैयारियों की खुशियां थीं, वहां कुछ ही घंटों में मातम जैसा माहौल बन गया. दूल्हे और उसके परिवार द्वारा कार, एसी, टीवी और 15 तोला सोने की मांग किए जाने के बाद विवाह से इनकार कर दिया गया. इस मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस ने दुल्हन के पिता की शिकायत पर दूल्हे, उसके माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक शहर निवासी रूपाली (काल्पनीक नाम) की शादी विनीत नामक युवक से तय हुई थी. दोनों की सगाई 17 जून को धूमधाम से संपन्न हुई थी, जबकि विवाह 20 जुलाई को होना था. शादी के निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे और घर में तैयारियां अंतिम चरण में थीं. पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी से ठीक एक दिन पहले, जब हल्दी की रस्म की तैयारियां चल रही थीं, तब दूल्हे पक्ष ने अचानक चार पहिया वाहन, एसी, टीवी और 15 तोला सोने की मांग रख दी. मांग पूरी नहीं होने पर विवाह करने से इंकार कर दिया गया. परिजनों ने दूल्हे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा. इसके बाद पीड़ित परिवार ने फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दूल्हे, उसके पिता, मां तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना से दुल्हन और उसके परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है. जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां दहेज की लालच ने सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.