230 कृषि केंद्रों के लाइसेंस रद्द, 520 पर बिक्री पर रोक

अमरावती संभाग में कृषि विभाग की कार्रवाई

* नकली बीज, खाद और कीटनाशकों की बिक्री पर सख्ती
* किसानों से धोखाधड़ी रोकने के लिए कृषि विभाग का बड़ा अभियान
अमरावती/दि.20- किसानों को नकली बीज, खाद और कीटनाशकों की बिक्री कर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कृषि विभाग ने अमरावती संभाग में बड़ी कार्रवाई की है. विभागीय जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले कृषि केंद्रों पर सख्त कदम उठाते हुए 230 कृषि केंद्रों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं, जबकि 520 कृषि केंद्रों पर अगले आदेश तक बिक्री पर रोक लगा दी गई है.
कृषि विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में किसानों से नकली और घटिया गुणवत्ता वाले बीज, उर्वरक तथा कीटनाशकों की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों की जांच के बाद विभिन्न जिलों में कृषि केंद्रों का निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान कई केंद्रों में लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन, गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और अन्य अनियमितताएं सामने आईं. इन्हीं अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने 230 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निरस्त कर दिए, जबकि 520 केंद्रों पर अगली सूचना तक बीज, खाद और कीटनाशकों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. कृषि विभाग का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाना है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नकली कृषि सामग्री बेचने वालों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी कृषि केंद्रों से ही बीज, उर्वरक और कीटनाशक खरीदें. यदि किसी कृषि केंद्र पर नकली या संदिग्ध सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी तत्काल सूचना कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.

Back to top button