शिवभोजन का अटका ढाई करोड रूपए का अनुदान आखिरकार मिला
केन्द्र संचालकों को राहत, जिले में 24 स्थानों पर सुविधा

अमरावती/दि.2- जिले में फिलहाल 24 स्थानों पर शिवभोजन की सुविधा दी जा रही है. इस शिवभोजन केन्द्र संचालकों का पिछले तीन माह का अनुदान अटका हुआ था. ढाई करोड रूपए का अनुदान आपूर्ति विभाग को प्राप्त होने से शिवभोजन थाली केन्द्र संचालकों को राहत मिली है.
जिले में बेघर, गरीब व अन्य स्थानों पर काम करनेवाले मजदूरों के लिए शासन की तरफ से केवल 10 रूपए में शिवभोजन की योजना शुरू की गई है. इसके पूर्व जिले में 37 शिवभोजन के स्टॉल जगह- जगह लगाए जा रहे थे. लेकिन समय बीतने के बाद इसमें से 13 स्टॉल बंद पडने से अब 24 स्टाल शुरू है. इसमें अमरावती शहर में 9 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 15 ठिकानों पर केवल 10 रूपए में शिवभोजन दिया जाता है. शासन की तरफ से शिवभोजन संचालकों को शहरी इलाको के लिए प्रति व्यक्ति 40 रूपए और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 25 रूपए का अनुदान दिया जाता है. लेकिन पिछले तीन माह से शासन का यह अनुदान अटका हुआ था. आखिरकार मार्च एंडिंग के मुहाने पर करोडों रूपए की निधि शिवभोजन योजना के लिए प्राप्त हुई. इस कारण जल्द ही शिवभोजन केन्द्र संचाललकों को यह निधि वितरित की जानेवाली है. इस शिवभोजन में दो रोटी, सब्जी और चावल दिए जाते हैं. यह योजना कोरोना काल में राज्य शासन ने शुरू की थी.
गैस सिलेंडर की किल्लत से शिवभोजन में दुविधा
गैस सिलेंडर की किल्लत का इस शिवभोजन केन्द्र पर परिणाम हो रहा है. इस कारण सिलेंडर के अभाव में अब शिवभोजन में दुविधा आने की संभावना दर्शाई जा रही है. उन्हें घरेलू सिलेंडर इस्तेमाल की अनुमति देने की मांग भी की गई है.





