दिग्रस की महिला समेत तीन बालकों की डूबने से मौत

सिन्नर तहसील की घटना

* मेहनत मजदूरी करने वाले परिवार पर काल का ग्रास
यवतमाल /दि.18– मेहनत मजदूरी के लिए गये दिग्रस के परिवार पर दुखों का पहाड टूट पडा. सिन्नर तहसील के नांदूर शिंगोटे परिसर के नागरे बांध में शनिवार 16 मई को दोपहर में घटित एक घटना में महिला समेत तीन बालकों की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई. मृतकों के नाम मनीषा विजय रामजोशी (30), कार्तिक विजय रामजोशी (9), आदित्य राहुल शिंदे (7) और अविनाश राहुल शिंदे (8) है.
जिले के दिग्रस तहसील के वडारपुरा निवासी विजय रामजोशी (33) और उसके रिश्तेदार राहुल रामदास शिंदे यह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मेहनत मजदूरी के लिए तीन दिन पूर्व नांदूर शिंगोटे परिसर में आये थे. नाशिक-पुणे महामार्ग से सटकर खाली जगह पर उन्होंने अस्थायी तंबू डालकर मुक्काम किया था. वहां से कुछ ही दूरी पर नागरे बांध है. शनिवार को दोपहर 4.30 बजे के दौरान मनीषा के साथ कार्तिक, आदित्य और अविनाश बांध की तरफ गये थे. उस समय एक बालक पानी में गिरने से उसे बचाने के लिए मनीषा और अन्य दो बालक पानी में उतरे, लेकिन बांध के गाद और पानी की गहराई ध्यान में न आने से चारों को बाहर निकलना मुश्किल हो गया और डूबकर उनकी मृत्यु हो गई. शाम 5 बजे के दौरान महिला का पति काम से लौटा. पत्नी और बच्चे न दिखाई देने से उसने परिसर में तलाश शुरु की. बांध के पास कपडे और चप्पल दिखाई देने से उसे संदेह हुआ. पश्चात विजय ने चिखना शुरु किया. रिश्तेदार राहुल भी वहां पहुंचा. दोनों ने ग्रामवासियों की सहायता से बांध में उतरकर मनीषा और बच्चों की तलाश शुरु की. उन्हें तट पर मनीषा और बच्चों के शव दिखाई दिये. ग्रामवासियों की सहायता से चारों को बाहर निकाला गया.

Back to top button