तीन घरों में सेंधमारी, 7 लाख के जेवरात और नकद पार
तलेगांव और रहीमापुर थाना क्षेत्र में चोरों ने किया हाथ साफ

* पुलिस ने बढाई गश्त, संदिग्धों की तलाश शुरु
अंजनगांव सुर्जी/दि.2 – जिले के तलेगांव और रहीमापुर थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. अज्ञात चोरों ने बंद और खुले मकानों को निशाना बनाकर करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश तेज कर दी है.
* शादी में गए परिवार के घर से 4 लाख के जेवर चोरी
तलेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मांजरखेड-दाणापुर निवासी विमलबाई लवामणराव ठाकरे (60) अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गई थीं. 29 मई की सुबह 8 बजे से 31 मई की सुबह 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान को निशाना बनाया. चोर घर में घुसकर अलमारी में रखे लगभग 117.68 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए. चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 3 लाख 92 हजार रुपये बताई गई है. घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद तलेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* मलकापुर में डेढ़ लाख रुपये का माल चोरी
रहीमापुर थाना क्षेत्र के मलकापुर गांव निवासी अतुल रामदास तराळे (38) के घर में भी चोरों ने सेंधमारी की. 30 मई की सुबह 11 बजे से 31 मई की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर प्रवेश किया. चोरों ने लकड़ी की अलमारी में रखा 15 ग्राम का सोने का मिनी मंगलसूत्र और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है. रहीमापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* नकदी से भरी लोहे की पेटी लेकर फरार
मलकापुर गांव में ही चोरी की एक और घटना सामने आई है. संतोष भीमराव घनबहादुर (32) के घर से अज्ञात चोर 1 लाख 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए. जानकारी के अनुसार, 30 मई की रात शिकायतकर्ता ने नकदी लोहे की पेटी में रखी थी. 31 मई की सुबह उनकी माता की नींद खुलने पर घर में रखी पेटी गायब मिली. जांच में पता चला कि चोर खुले दरवाजे से घर में दाखिल हुए और नकदी से भरी पूरी पेटी उठाकर ले गए. पीड़ित की शिकायत पर रहीमापुर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तीनों घटनाओं के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थलों से मिले साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा.





