13 लाख रुपए का सोयाबीन लेकर ट्रक चालक फरार
धामणगांव के व्यापारी के साथ धोखाधडी

* मामला दर्ज, गाडगे नगर उपज मंडी की घटना
अमरावती/दि.12 – कृषि उपज बाजार समिति से खरीदा गया करीब 13 लाख रुपये मूल्य का सोयाबीन लेकर ट्रक चालक के फरार होने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ठगे गये व्यापारी का नाम धामणगांव रेल्वे निवासी मनीष सतीश भट्टड (37) है. जबकि आरोपी एमएच-27/यू-0375 क्रमांक का ट्रक चालक है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता मनीष भट्टड ने 6 जून को अमरावती कृषि उपज बाजार समिति से पांच व्यापारियों से 6,500 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से कुल 200 क्विंटल सोयाबीन खरीदा था. खरीदे गए माल की राशि का भुगतान करने के बाद सोयाबीन सोलापुर स्थित एक कंपनी को भेजने की व्यवस्था की गई. इसके लिए वलगांव रोड स्थित एक परिवहन कंपनी के माध्यम से ट्रक क्रमांक एमएच-27/यू-0375 में 200 क्विंटल सोयाबीन लोड कर सोलापुर रवाना किया गया. ट्रक 6 जून की रात करीब 8.20 बजे अमरावती से निकला. रास्ते में चालक ने तुलजापुर पहुंचने की जानकारी भी दी थी. हालांकि, 7 जून की सुबह जब शिकायतकर्ता ने ट्रक चालक से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला. बाद में सोलापुर स्थित कंपनी से माल पहुंचने की जानकारी ली गई, तो पता चला कि सोयाबीन की खेप वहां पहुंची ही नहीं है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि ट्रक चालक ने 200 क्विंटल सोयाबीन, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये है, का गबन कर धोखाधड़ी की है. मामले की शिकायत मिलने पर गाडगे नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है तथा ट्रक चालक और माल की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.





