ट्रक चालक सदोष मनुष्यवध आरोप में गिरफ्तार

राजापेठ फ्लाईओवर की भयंकर दुर्घटना

* गई थी दो महिलाओं की जान, ट्रक मालिक को भी पुलिस ने बनाया सहआरोपी
* शहर में तीव्र रोष कायम
* गौरी धर्माले और हर्षा गावंडे का शोकाकुल वातावरण में अंतिम संस्कार
अमरावती/दि.29- मंगलवार दोपहर 4.30 बजे के लगभग राजापेठ फ्लाईओवर पर हुए भीषण सडक हादसे के सिलसिले में राजापेठ पुलिस ने ट्रक चालक शोएब अख्तार शेख अन्सार (24, नवसारी) को सदोष मनुष्यवध अपराध धारा 304 में बंदी बनाया है. ट्रक मालिक लातूर निवासी शख्स को भी सहआरोपी बनाए जाने की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि, आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है. इस भीषण दुर्घटना में दो महिलाओं की मृत्यु हो गई थी. जिसके कारण समस्त अमरावती शहर में भयंकर रोष आम और खास लोगों में देखा जा रहा है. हादसे ने अमरावती को हिलाकर रख दिया है.
उल्लेखनीय है कि, पुलिस जांच में भयंकर खुलासे हुए है. हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक मालिक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 105, 281 और रीड विथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134/187 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है. जांच में खुलासा हुआ है कि, दो महिलाओं को यमलोक पहुंचाने वाले ट्रक (एमएच-24/जे-8637) का फिटनेस प्रमाणपत्र भी नहीं था. पुलिस ने मौके से भाग खडे हुए ट्रक चालक शोएब को खोज निकाला और अरेस्ट किया. ट्रक पर हादसे के समय नंबर प्लेट भी नदारद थी.
बता दें कि, दुर्घटना में पीएसआई सचिन पवार ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने बताया कि, मंगलवार शाम 4.45 बजे वायरलेस संदेश से राजापेठ उडानपुल पर टिप्पर और दुपहिया के एक्सीडेंट की सूचना मिली, वे तुरंत स्टाफ सहित घटनास्थल पहुंचे. टीवीएस आईक्यूब इलेक्ट्रीक दुपहिया एमएच-27/ईबी-9587 और बगैर नंबर का टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त दिखाई दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, टिप्पर चालक वाहन छोडकर मौके से भाग गया. रिश्तेदार गोपाल दामोदर धर्माले ने मृतकों की पहचान गायत्री उर्फ गौरी प्रमोद धर्माले (26, बोरगांव धर्माले) और हर्ष आदेश गावंडे (45, श्रीधर नगर) के रुप में की. टिप्पर को जब्त करने की जानकारी देते हुए उपनिरीक्षक पवार ने खुलासा किया कि, जांच में पता चला कि, टिप्पर के आगे और पीछे दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं है. पत्थर की चूरी लदे ट्रक का फिटनेस प्रमाणपत्र भी कालबाह्य हो गया है.
पीएसआई पवार ने बताया कि, प्राथमिक जांच में स्पष्ट हो गया कि, टिप्पर चालक ने तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाकर दुपहिया को ठोस मार दी. जिससे गौरी धर्माले और हर्षा गावंडे गंभीर जख्मी होकर उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने टिप्पर चालक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ वाहन मालिक पर भी संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है.
* शहर में भारी रोष कायम
अंबानगरी में पहले भी कई भीषण एक्सीडेंट हो चुके हैं. हर बार पब्लिक में काफी रोष पनप जाता है. इस बार के हादसे से भी लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करने के साथ भारी रोष भी व्यक्त किया है. शहर के बेतरतीब यातायात पर उंगली उठाई है.
* लोगों ने यातायात व्यवस्था पर सवाल खडे किए
शहरवासियों ने बेतरतीब यातायात व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खडे किए हैं. उनका कहना है कि, सिग्नल व्यवस्था ठीक न होने के साथ यातायात सिपाही अथवा अधिकारी ट्रैफिक कंट्रोल के समय नदारद रहते है. उसी प्रकार कुछ प्रमुख मार्गों को नाहक अचानक बंद कर दिया जाता है, जिससे मुख्य सडकों पर यातायात बढ जाता है. पहले ही वाहनों की भरमार है. प्रत्येक घर में दो-तीन दुपहिया सामान्य बात हो गई है. ऐसे में यातायात कंट्रोल महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हो जाने के बावजूद घोर अनदेखी अथवा लापरवाही हो रही है. इसलिए अमरावतीवासियों ने पुलिस के यातायात विभाग से अधिक अलर्ट और जिम्मेदारी से ट्रैफिक नियंत्रण की अपेक्षा व्यक्त की है. कुछ लोगों ने हेल्मेट इस्तेमाल पर भी सवाल उठाएं है. उनका कहना है कि, हेल्मेट धारण करने के बाद आसपास से गुजरते वाहनों और हॉर्न की आवाज नहीं सुनाई पडती, इसके कारण भी हादसे पेश आ रहे है. कई अमरावतीवासियों ने हेल्मेट अनिवार्य के निर्णय का दो-टूक विरोध मंगलवार की सडक दुर्घटना के बाद किया.
* दोनों का शोकाकुल वातावरण में अंतिम संस्कार
सडक दुर्घटना में मृत गौरी धर्माले और हर्षा गावंडे का अंतिम संस्कार बडे ही गमगीन माहौल में आज दोपहर किया गया. परिजनों का बिलख-बिलखकर बुरा हाल था. पुलिस ने पीएम पश्चात दोनों के पार्थिव परिजनों को सौंपे थे. दुर्घटना को लेकर धर्माले और गावंडे के रिश्तेदारों में दुख के साथ-साथ डी-कंट्रोल ट्रैफिक को लेकर बडा गुस्सा नजर आया. अनेक रिश्तेदारों ने यह गुस्सा बोलकर व्यक्त किया.

Back to top button