एक पखवाडे से तुअर प्रति क्विंटल 8 हजार रुपए
अमरावती उपज मंडी में चना और सोयाबीन की आवक भी हुई कम

अमरावती/दि.27 – अमरावती कृषि उपज मंडी में पिछले एक पखवाडे से सोयाबीन, तुअर और चने के भाव स्थिर है. साथ ही आवक काफी कम बतायी जाती है. तुअर के भाव वर्तमान में 7400 रुपए से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं. अक्तूबर माह तक यहीं स्थिति रहने की बात व्यापारियों द्वारा कही गई है.
अमरावती कृषि उपज मंडी में पिछले 15 दिन से तुअर की आवक हर दिन 2 से 3 हजार क्विंटल हो रही है. तुअर के भाव 7400 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल है. चना 5800 से 6200 रुपए प्रति क्विंटल व्यापारियों द्वारा खरीदा जा रहा है. चने की आवक एक से डेढ हजार बोरे बतायी जाती है. वहीं गेहूं की प्रतिदिन 500 से 700 बोरे आवक हो रही है. गेंहू के भाव 2350 से 2600 रुपए प्रति क्विंटल है. यह भाव पिछले एक पखवाडे से चल रहे हैं. मंडी के खरीददारों का कहना कि, अक्तूबर माह तक मंडी की अवस्था ऐसी ही रहती है. नया सोयाबीन आने के बाद दिवाली के समय सोयाबीन की आवक बढेगी. तब तक मंडी में हर दिन यहीं अवस्था रहना है. भाव में थोडा बहुत उतार-चढाव होता रहेगा. वैसे भी बारिश के दिनों में किसानों का माल मंडी में काफी कम आता है. सभी किसान खेतों में जुटे रहने से मंडी में चहल-पहल भी कम रहती है.





