यवतमाल के दो कॉलेज छात्रों की मौत

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा

सिन्नर /दि.7 – समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में यवतमाल जिले के दो कॉलेज छात्रों की मौत हो गई. दोनों युवक लोनावला से अपने घर लौट रहे थे. हादसा सिन्नर तालुका के मराहल के पास हुआ. पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. मृतकों की पहचान यवतमाल जिले के पुसद निवासी जैदुल्ला खान नईमुल्ला खान (23) और अदनान अहमद मोहसिन शेख (22) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक कार क्रमांक एमएच-24/बीडब्ल्यू-7962 से मुंबई से नागपुर की ओर जा रहे थे. गुरुवार सुबह करीब 4 से 4.30 बजे समृद्धि एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 550.3 के पास उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पसायदान एम्बुलेंस के चालक अल्पेश देवरे ने दोनों घायलों को तत्काल सिन्नर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार पहले डिवाइडर से टकराई थी या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद ट्रक से भिड़ी. अल्पेश देवरे की सूचना पर वावी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button