दो ने लगाई फांसी, एक ने जहर गटका

फ्रेजरपुरा और वलगांव थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.27- अमरावती पुलिस आयुक्तालय परीक्षेत्र के फ्रेजरपुरा और वलगांव थाना क्षेत्र में दो लोगों ने फांसी लगाकर और एक ने जहर गटककर आत्महत्या कर ली. तीनों की आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है. आत्महत्या करने वालो के नाम महादेवखोरी निवासी शुभम मनीष देशमुख (30), शिराला ग्राम निवासी सुरेश नानासाहब खाडे (60) और विजय रामभाउ तायडे (65) है.
जानकारी के मुताबिक फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के महादेवखोरी गजानन महाराज मंदिर के पास रहने वाले शुभम मनीष देशमुख (30) नामक युवक ने अपने किराणा दुकान में शुक्रवार 26 जून को दोपहर 4.30 बजे के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की भाभी यह नजारा देखकर चीखने लगी, तब शुभम के परिवार के सदस्य दुकान की तरफ दौडे और शुभम को तत्काल फांसी के फंदे से उतारकर रेडियंट हॉस्पिटल ले गये. जहां डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित किया. शुभम की आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है. फ्रेजरपुरा पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.
इसी तरह वलगांव थाना क्षेत्र के शिराला ग्राम निवासी अल्पभूधारक किसान सुरेश नानासाहब खाडे (60) ने गांव के शिवमंदिर मार्ग के खेत शिवार में जहर गटककर आत्महत्या कर ली. जहर गटकने के बाद सुरेश खाडे को जिला अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. सुरेश खाडे को शराब की लत थी. एक अन्य घटना शिराला ग्राम में ही घटित हुई. विजय रामभाउ तायडे (65) नामक वृद्ध किसान ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस किसान पर कर्ज था. कर्ज अदा न करने की चिंता में उसके द्वारा फांसी लगाये जाने की चर्चा है. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button