अमरावती-बडनेरा में पांच रेलवे ओवरब्रिजों को केंद्र सरकार की मंजूरी
रवि राणा के प्रयासों को सफलता

अमरावती/दि.27 – अमरावती शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है. विधायक रवि राणा के लंबे समय से किए जा रहे लगातार प्रयासों को सफलता मिली है. केंद्र सरकार ने अमरावती और बडनेरा क्षेत्र में पांच रेलवे ओवरब्रिज तथा आरओबी अथवा एफओबी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है. इन परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है.
मंजूर प्रस्ताव के अनुसार पार्वती नगर में शिवलीला मंगल कार्यालय परिसर को राज्य राजमार्ग-200 से जोड़ने वाला रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिससे अमरावती-नरखेड़ रेलमार्ग पर आवागमन आसान होगा. साई नगर से अकोली रोड को जोड़ने वाला ओवरब्रिज भी स्वीकृत किया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी. इसके अलावा बडनेरा शहर को आंतरिक बायपास मार्ग से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिससे अमरावती-बडनेरा मार्ग पर बढ़ते यातायात का दबाव कम होगा. इसी तरह शशी नगर-गोपाल नगर मार्ग पर आरओबी अथवा एफओबी का निर्माण किया जाएगा, जिससे वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी. वहीं बडनेरा रोड-गोपाल नगर मार्ग पर भी एक अन्य आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी.
वर्तमान में अमरावती और बडनेरा के कई रेलवे फाटकों पर दिनभर लंबा जाम लगता है. ट्रेनों की बढ़ती आवाजाही के कारण एम्बुलेंस, स्कूल बसों, किसानों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इन ओवरब्रिजों के निर्माण के बाद रेलवे फाटकों पर इंतजार की समस्या समाप्त होगी, यातायात तेज होगा, ईंधन और समय की बचत होगी तथा दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है. विधायक रवि राणा ने कहा कि अमरावती के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सहयोग से इन पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिली है और भविष्य में भी शहर के विकास के लिए ऐसे बड़े प्रकल्प लाने का प्रयास जारी रहेगा.





