मौसा ने आत्महत्या की कोशिश की, रिश्तेदारों से पूछताछ तेज
काजल इंगले हत्याकांड

* मौसेरा भाई पुलिस के रडार पर
अमरावती/दि.9 – काजल इंगले हत्याकांड की जांच के दौरान सोमवार को नया मोड़ सामने आया, जब काजल के मौसा सुनील थोरात ने कथित रूप से 10 से 12 ब्लड प्रेशर की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस काजल के माता-पिता और रिश्तेदारों से लगातार पूछताछ कर रही है. जांच में मिले कुछ अहम सुरागों के आधार पर काजल के रिश्तेदार भी पुलिस के रडार पर हैं. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 31 मई को मौसी के घर से निकलने के बाद काजल किन लोगों के संपर्क में आई थी. गौरतलब है कि काजल इंगले का अर्धजला शव तपोवन क्षेत्र में मिला था, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के मार्गों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की है तथा निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले लोहे के सरिए के संबंध में भी जानकारी जुटाई है. मौसा सुनील थोरात ने कथित तौर पर पुलिस पूछताछ से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.





