राजापेठ के बंद मकान में 4 लाख की चोरी

बदमाशों ने सोने के आभूषण और नकद राशि उडाई

अमरावती /दि.9 – राजापेठ थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना में करीब 4 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के मुताबिक बेलपुरा निवासी शिकायतकर्ता मंगेश रमेश उबाले (50) है. शिकायत में बताया गया है कि, शनिवार 6 जून की शाम करीब 7.30 बजे वे अपने परिवार के साथ घर को ताला लगाकर पुणे गए थे. अगले दिन सुबह पडोसी राहुल जैन ने उन्हें फोन कर बताया कि, उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला दिखाई दे रहा है और पूछा कि, क्या किसी को घर की देखरेख के लिए छोडा गया है. शिकायतकर्ता ने ऐसा न होने की जानकारी दी और पडोसी को घर के भीतर जाकर देखने के लिए कहा. घर के अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और हॉल में रखी अलमारियां खुली दिखाई दी. सूचना मिलने के बाद शिकायतकर्ता सोमवार 8 जून को वापस अमरावती पहुंचे और जांच करने पर चोरी का खुलासा हुआ. शिकायत के अनुसार घर से लगभग 50 ग्राम वजन की चार सोने की चूडियां, करीब 17 ग्राम का मंगलसूत्र, चांदी के धार्मिक उपयोग के बर्तन एवं सामग्री तथा अलमारी में रखी 25 हजार रुपए नकद राशि गायब मिली. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है. जांच में आशंका जताई गई है कि, अज्ञात चोर घर का ताला और कुंडी तोडकर भीतर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है.

* ताला तोडकर 1.03 लाख के आभूषण चोरी
बडनेरा थाना क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों द्वारा नकदी और सोने के आभूषण चोरी किए जाने का मामला सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता संतोष देवीदास कावरे (70, द्वारका नगर, साई नगर) है. शिकायत में बताया गया है कि, रविवार 7 जून की रात लगभग 8 बजे वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर अपनी बेटी के घर विद्युत कॉलोनी स्थित एकवीरा देवी क्षेत्र में गए थे और वहीं रुके थे. अगली सुबह सोमवार 8 जून को करीब 6 बजे वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ मिला. जांच करने पर चोरी गए सामान में लोहे की अलमारी से 50 हजार रुपए नकद, रसोईघर में रखी अलमारी के लॉकर से 20 हजार रुपए नकद तथा करीब 11 ग्राम सोने के आभूषण शामिल है. चोरी गए सोने में दो अंगूठियां और एक नथ शामिल बताई गई है. कुल नुकसान लगभग 1 लाख 3 हजार रुपए बताया गया है.

Back to top button