पांच लोगों को जालसाजों ने लगाया 8 लाख रुपए का चुना

शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बढते जा रहे है साइबर ठगी के मामले

* तिवसा, अंजनगांव, वरुड, दर्यापुर थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि. 9 – जिले के अलग अलग क्षेत्रों में साइबर अपराधियों ने लोगों को अलग-अलग तरीकों से निशाना बनाते हुए लाखों रूपये की ठगी को अंजाम दिया है. कहीं संदिग्ध फाइल डाउनलोड करने के बाद बैंक खाते खाली कर दिए गए. तो कहीं मोबाईल हैक या क्लोन कर रकम ट्रांसफर की गई. सोशल मीडिया पर खरीद-बिक्री और बैंक रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाईन धोखाधडी की गई. सभी मामलों में पीडिताओं की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर हेल्पलाईन 1930 पर भी शिकायतें दर्ज कराई गई है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात फाइल, लिंक, बैंक कॉल, सोशल मीडिया ऑफर या अग्रिम भुगतान से पहले पुरी जांच करें तथा किसी भी साइबर घटना की स्थिती में तुरंत 1930 हेल्पलाईन पर पुलिस से संपर्क करें.

* फाइल डाउनलोड करते ही 2.89 लाख की ठगी
तिवसा – तिवसा थाना क्षेत्र में मोबाइल पर संदिग्ध फाइल डाउनलोड करने के बाद बैंक खातों से लाखों रूपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर धोखाधडी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गणपतराव लढे (31) है जो बंधन बैंक धामणगाव रेल्वे शाखा में रिलेशनशिप ऑफिसर के रूप में कार्यरत है. शिकायत में बताया गया है कि उनके एंड्रॉयड मोबाईल में जियो कंपनी का सिम सक्रिय था और उसी मोबाईल नंबर से फोनपे पर बंधन बैंक तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते लिंक थे. आरोप है कि 3 से 5 मार्च के बीच मोबाइल पर रील देखते समय एक अज्ञात फाइल प्राप्त हुई. जिसे डाउनलोड कर लिया गया. शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद मोबाईल पर असामान्य गतिविधियां दिखाई देने लगी और डिवाइस में अपडेट होने जैसा दिखाई दिया. कुछ समय बाद शिकायतकर्ता को बैंक खाते से रकम डेबिट होने के संदेश प्राप्त हुए. बैंक स्टेटमेेंट की जांच करने पर सामने आया कि लिंक खातों से कई ऑनलाईन ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम अन्य खातों में स्थानांतरीत कर दी गई. जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के खाते से अलग अलग लेन देन के जरीए कुल 2 लाख 89 हजार रूपये से अधिक की राशि निकल गई. मामले की जानकारी मिलते ही शिकायतकर्ता ने 1930 साइबर हेल्पलाईन पर शिकायत दर्ज करायी. शिकायत के अनुसार साइबर शिकायत प्रक्रिया के दौरान 32 हजार रूपये की राशि होल्ड किए जाने की जानकारी सामने आई है.

* सेवानिवृत्त शिक्षक को 1.73 लाख का झटका
अंजनगाव सुर्जी – अंजनगाव सुर्जी क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से मोबाइल हैक अथवा क्लोन कर 1 लाख 73 हजार रूपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी केे खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गुलाम ताहेर गुलाम कादिर (65) है जो सेवानिवृत्त शिक्षक है और मोहम्मदिया नगर, कोर्ट के पिछे सुर्जी क्षेत्र में रहते है. शिकायत में बताया गया है कि उनका शिक्षक बैंक का खाता मोबाइल नंबर से लिंक है. आरोप है कि किसी अज्ञात साइबर आरोपी ने उनका मोबाइल हैक या क्लोन कर उनकी जानकारी और अनुमती के बिना ऑनलाइन माध्यम से बैंक खाते से रकम ट्रान्सफर कर दी. शिकायत के अनुसार 29 अप्रैल को खाते से 94 हजार रूपये तथा 30 अप्रैल को 79 हजार रूपये इस प्रकार कुल 1 लाख 73 हजार रूपये अज्ञात खाते में स्थानांतरीत किए गए. लेन-देन की जानकारी सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करायी. मामले में साइबर धोखाधडी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल गतिविधि और संबंधित तकनिकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि रकम ट्रांसफर होने की प्रक्रिया और संबंधित व्यक्ति तक पहुंचा जा सके.

* इंटरनेट के जरिए खाते से 1.37 लाख की रकम उडाई
वरूड – वरूड थाना क्षेत्र में एक युवक के बैंक खाते से मोबाइल और इंटरनेट माध्यम का दुरूपयोग कर 1 लाख 37 हजार रूपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर धोखाधडी और ठगी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अश्विन रंगरावजी कोराटे (28 जरूड, वरूड) है. जो वेल्डिंग का काम करते है. शिकायत में बताया गया है कि 25 मई को दोपहर लगभग 12 बजे के बीच जब शिकायतकर्ता ने अपना फोन पे एप्लिकेशन चेक किया तो उन्हे अपने एसबीआई बैंक खाते से रकम कम दिखाई दी. इसके बाद शिकायतकर्ता एसबीआई शाखा जरूड पहुंचे और खाते का मिनी स्टेटमेंट निकलवाया. जांच में पता चला है कि उनके खाते से 99 हजार रूपये और 38 हजार रूपये सहीत कुल 1 लाख 37 हजार रूपये निकाले जा चुके थे. शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता ने इस लेन-देन की अनुमति नहीं दी थी. उन्हें आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ती ने मोबाईल या इंटरनेट माध्यम का उपयोग कर उनके खाते से अनधिकृत तरीके से रकम निकाल ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाईन पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, तकनिकी जानकारी और संबंधित खातों की जांच कर रही है.

* भैंस बेचने का झांसा देकर 1 लाख खाते से साफ
दर्यापुर – खल्लार खाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से भैंस बेचने का झांसा देकर एक युवक से एक लाख रूपये से अधिक की ऑनलाईन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधडी और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता कृष्णा गजानन घाटे (18, कोळंबी, दर्यापुर) है. शिकायत में बताया गया है कि उनकी पहचान इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ती से हुई. जिसने अपना नाम जयप्रकाश जाट, निवासी राजपुर राजस्थान बताया. शिकायत के अनुसार आरोपी केे इंस्टाग्राम अकाऊंट पर भैंस बिक्री से संबंधित विडियो और रील्स दिखाई गई थी. उनमें दिखाई गई भैंस पसंद आने पर शिकायतकर्ता ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और भैंस बुक करने की प्रक्रिया शुरू की. आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग कारण बताते हुए कई बैंक खातों में रकम जमा करने को कहा. शिकायतकर्ता ने भरोसा करते हुए चरणबध्द तरीके से कुल 1 लाख 3 हजार रूपये आरोपी द्वारा बताये गए खातों में जमा कर दिए. बाद में परिजनों से चर्चा के दौरान शिकायतकर्ता को संदेह हुआ कि उसके साथ धोखाधडी हुई है. इसके बाद उसने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क कर ऑनलाईन ठगी की शिकायत दर्ज कराई और पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और आरोपी त क कैसे पहुंचा जाए. पुलिस ने नागरिकों से अपिल की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी खरीद-बिक्री से पहले पहचान और भुगतान संबंधी जानकारी की अच्छी तरह जांच करें तथा अग्रिम भुगतान करते समय सावधानी बरतें.

* रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर 1 लाख का चुना लगाया
अंजनगाव सुर्जी क्षेत्र में रिवॉर्ड पॉईंट क्लेम कराने के नाम पर एक युवक के साथ साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधडी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता फरहान अहमद अब्दुल रशीद कुरैशी (27) है. जो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्यरत है और मोहम्मदीया मस्जिद क्षेत्र बुधवारा सुर्जी के निवासी है. शिकायत में बताया गया है कि 11 मई को उन्हें एक अज्ञात मोबाईल नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ती ने खुद को एक निजी बैंक का कर्मचारी बताते हुए रिवॉर्ड पॉइंट क्लेम कराने की बात कही. शिकायत के अनुसार उन्होंने कोई गोपनिय जानकारी साझा नहीं की थी. लेकिन आरोप है कि अज्ञात साइबर आरोपी ने किसी तरह उनके बैंक कार्ड का दुरूपयोग कर डिजिटल माध्यम से अनधिकृत लेन-देन किए. मामले में कुल 1 लाख रूपये के अनधिकृत वित्तीय लेन-देन होने की जानकारी सामने आई है. रकम निकालने की जानकारी सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button