नवसारी में बनेगा उर्दू घर, मार्टी और वक्फ बोर्ड का विभागीय मुख्यालय

अमरावती/दि.24- अमरावती के मौजा नवसारी में उर्दू घर, अल्पसंख्यक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था (मार्टी) तथा वक्फ बोर्ड के विभागीय कार्यालय के लिए जमीन हस्तांतरण को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है. इसे अमरावती जिले एवं संभाग के अल्पसंख्यक समाज की शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
अमरावती की विधायक सुलभा खोडके द्वारा इस संबंध में लगातार सरकार के समक्ष प्रयास किए जा रहे थे. उन्होंने राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा पवार को ज्ञापन देकर नवसारी स्थित ई-क्लास सर्वे नंबर 97/2 की 1.42 हेक्टेयर जमीन अल्पसंख्यक विभाग को हस्तांतरित करने की मांग की थी. इस जमीन का उपयोग पहले सारथी संस्था के लिए नियोजित किया गया था. सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय लेते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने उक्त 1.42 हेक्टेयर जमीन को उर्दू घर, मार्टी तथा विभागीय वक्फ बोर्ड कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्पों के लिए हस्तांतरित करने के आदेश जारी किए हैं.
* एक ही परिसर में मिलेंगी विभिन्न सुविधाएं
उर्दू घर के माध्यम से उर्दू भाषा एवं साहित्य के साथ कला के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलेगा. वहीं मार्टी के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, अभ्यासिका, स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा. वक्फ बोर्ड का विभागीय कार्यालय स्थापित होने से संबंधित कामकाज के लिए नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है. विधायक सुलभा खोडके ने कहा कि अमरावती शहर और जिले में अल्पसंख्यक समाज की बड़ी आबादी है. शिक्षा, आर्थिक विकास और सामाजिक उन्नति के साथ सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए इन तीनों महत्वपूर्ण संस्थाओं का एक ही परिसर में स्थापित होना उपयोगी साबित होगा. इस निर्णय के लिए सुलभा खोडके ने उपमुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा पवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया.





