उबाठा से उद्धव ठाकरे नहीं, अंबादास दानवे जाएंगे विधान परिषद
ठाकरे गुट ने दानवे को बनाया विधान परिषद हेतु उम्मीदवार, 30 अप्रैल को भरेंगे नामांकन

मुंबई/दि.29 – महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने विधान परिषद के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है. पार्टी की ओर से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया गया है.
बता दें कि, पिछले कुछ दिनों से विधान परिषद के लिए महाविकास आघाडी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नाम की जोरदार चर्चा थी. कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से भी उद्धव ठाकरे को ही उम्मीदवार बनाए जाने का आग्रह किया जा रहा था. हालांकि, अब शिवसेना (यूबीटी) ने उद्धव ठाकरे के बजाय अंबादास दानवे के नाम पर मुहर लगा दी है. यह घोषणा शिवसेना उबाठा के युवा नेता एवं पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने पत्रकार परिषद में की. उन्होंने स्पष्ट किया कि अंबादास दानवे ही शिवसेना (यूबीटी) और महाविकास आघाड़ी के अधिकृत उम्मीदवार होंगे. इसके बाद विधान परिषद चुनाव को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है.
ज्ञात रहे कि, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के विधान परिषद जाने की चर्चा लंबे समय से चल रही थी. पार्टी के भीतर और महाविकास आघाड़ी के सहयोगी दलों में भी यही इच्छा थी कि उद्धव ठाकरे खुद विधान परिषद में जाएं. मगर अंतिम क्षणों में उद्धव ठाकरे ने अंबादास दानवे के पक्ष में फैसला लिया. बताया जा रहा है कि उद्धव ठाकरे ने खुद दानवे के नाम को अंतिम मंजूरी दी, जिसके बाद पार्टी ने आधिकारिक घोषणा कर दी. उद्धव ठाकरे ने कहा कि अंबादास दानवे शिवसेना (यूबीटी) के अधिकृत उम्मीदवार होंगे और वे 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे.
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, अंबादास दानवे अब केवल शिवसेना (यूबीटी) ही नहीं, बल्कि महाविकास आघाड़ी के साझा उम्मीदवार माने जा रहे हैं. विधानसभा में महाविकास आघाड़ी के कुल 46 विधायक हैं, ऐसे में उसका एक उम्मीदवार आराम से निर्वाचित हो सकता है. विधान परिषद के एक सदस्य को निर्वाचित होने के लिए 28 मतों की आवश्यकता है. मौजूदा संख्या बल के हिसाब से महाविकास आघाड़ी का एक उम्मीदवार निर्वाचित होना तय माना जा रहा है. विधानसभा के मौजूदा संख्या बल के अनुसार भाजपा को 6, शिवसेना (शिंदे) को 2, राष्ट्रवादी कांग्रेस को 1 और महाविकास आघाड़ी को 1 सीट मिलने की संभावना है. जिसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने इससे पहले ही विधान परिषद के लिए अपने 6 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी. भाजपा ने सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे, प्रमोद जठार और प्रज्ञा सावंत के नामों की घोषणा की है. वहीं अब शिवसेना उबाठा द्वारा अंबादास दानवे के नाम के ऐलान के साथ महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है.





