हर्षवर्धन देशमुख एवं दिलीप इंगोले के अमृत महोत्सव सत्कार समारोह की जोरदार तैयारी
पत्रवार्ता में दी गई जानकारी, अमृत यात्रा थीम पर होगा भव्य आयोजन

* राकांपा प्रमुख शरद पवार की अध्यक्षता में होगा अमृत महोत्सवी समारोह
* केंद्रीय मंत्री गडकरी व पूर्व सीजेआई गवई सहित कई दिग्गजों की रहेगी मौजूदगी
अमरावती/दि.27 – श्री शिवाजी शिक्षण संस्था के अध्यक्ष हर्षवर्धनजी देशमुख तथा कोषाध्यक्ष दिलीपबाबू इंगोले के अमृत महोत्सव निमित्त भव्य सत्कार समारोह का आयोजन रविवार, 31 मई 2026 को शाम 6 बजे श्री शिवाजी शारीरिक शिक्षण महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा. ‘सेवाभाव से नेतृत्व तक : एक अमृत यात्रा’ विषय पर आधारित इस विशेष समारोह की जानकारी शिव परिवार की ओर से आयोजित पत्रकार परिषद में दी गई.
होटल महफिल इन में आयोजित पत्रकार परिषद में बताया गया कि दोनों ही व्यक्तित्वों ने शिक्षण, सामाजिक कार्य एवं मूल्याधारित नेतृत्व के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने का कार्य किया है. ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शिक्षा का विस्तार कर समाज परिवर्तन के आंदोलन मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. इस पत्रवार्ता में बताया गया कि इस अमृत महोत्सव समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रवादी शरदचंद्र पवार पार्टी के मुखिया व सांसद शरद पवार करेंगे इस अवसर पर देश के पूर्व सीजेआई भूषण गवई, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, राज्य के राजस्व मंत्री एवं अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर तथा अमरावती महानगरपालिका के महापौर श्रीचंद तेजवानी की उपस्थिति रहेगी.
पत्रवार्ता में बताया गया कि समारोह में शिवाजी संस्था के अध्यक्ष हर्षवर्धन देशमुख एवं कोषाध्यक्ष दिलीपबाबू इंगोले के शैक्षणिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान का विशेष गौरव किया जाएगा. विद्यार्थियों में गुणवत्ता, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक चेतना निर्माण के लिए किए गए उनके कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा. साथ ही यह भी बताया गया कि इस समारोह के लिए विशाल मंच तैयार किया जा रहा है तथा नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी. कार्यक्रम में दोनों व्यक्तित्वों के जीवन पर आधारित विशेष चित्रफीत भी प्रदर्शित की जाएगी. समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए वीआईपी बैठक व्यवस्था, आजीवन सभासद, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं पत्रकारों हेतु अलग व्यवस्था की जाएगी. साथ ही भोजन एवं पार्किंग की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा. आयोजकों ने विदर्भ सहित राज्यभर के नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है.
पत्रकार परिषद में शिवाजी शिक्षण संस्था के उपाध्यक्ष गजाननराव पुंडकर, जे. वी. पाटील पुसदेकर, हेमंत कालमेघ, केशवराव गावंडे, सुभाष बनसोड, सुरेश दादा खोटरे, डॉ. वि. गो. ठाकरे, डॉ. पद्माकर सोमवंशी, अंबादास कुलट, डॉ. अमोल महल्ले, विजय ठोकल, बबन चौधरी तथा राजाभाऊ सुंदरकर सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे.





