अमरावती से पुणे, हैदराबाद और अहमदाबाद उड़ानों का इंतजार
नाइट लैंडिंग सुविधा में देरी बनी बड़ी बाधा

अमरावती/दि.4- बेलोरा हवाई अड्डे से मुंबई के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू होने के बाद अब अमरावती के यात्रियों की मांग पुणे, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए भी सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने की है. व्यापार, शिक्षा और रोजगार के सिलसिले में इन शहरों की यात्रा करने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन बेलोरा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू नहीं होने के कारण नई उड़ान सेवाओं के विस्तार में अड़चन आ रही है.
वर्तमान में बेलोरा एयरपोर्ट से मुंबई-अमरावती-मुंबई उड़ान सप्ताह में चार दिन-सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार-संचालित की जा रही है. हालांकि, यात्रियों का कहना है कि पुणे, अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए भी सीधी हवाई सेवा शुरू होने से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी. खासकर पुणे के लिए ट्रेनों और निजी ट्रैवल बसों में लगातार अधिक भीड़ रहती है.
* रनवे विस्तार और बड़े विमानों की तैयारी
औद्योगिक विकास और भविष्य की यात्री मांग को देखते हुए एमएडीसी की बैठकों में बेलोरा एयरपोर्ट के रनवे को 3 हजार मीटर तक विस्तारित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है, ताकि बड़े विमानों का संचालन भी संभव हो सके. वर्तमान में सुरक्षित टेकऑफ और लैंडिंग के लिए रनवे को 1,850 मीटर तक विकसित किया जा चुका है. एयरपोर्ट पर आधुनिक टर्मिनल भवन, सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल और वॉच टावर, अत्याधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रणाली तथा मौसम संबंधी उपकरण भी स्थापित किए जा चुके हैं.
* एशिया का सबसे बड़ा पायलट प्रशिक्षण केंद्र बन रहा
बेलोरा एयरपोर्ट परिसर में एयर इंडिया द्वारा एशिया के सबसे बड़े पायलट ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना का कार्य तेज़ी से चल रहा है. हाल ही में डीजीसीए की चार सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम ने दिल्ली से आकर परियोजना का निरीक्षण किया. इससे संकेत मिल रहे हैं कि यह विश्वस्तरीय प्रशिक्षण केंद्र जल्द शुरू हो सकता है.
* नाइट लैंडिंग पर बढ़ा इंतजार
बेलोरा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू करने की समय-सीमा पहले अगस्त 2026 तय की गई थी. अगस्त शुरू होने के बावजूद यह सुविधा अभी तक शुरू नहीं हो सकी है. इस संबंध में एयरपोर्ट प्रबंधन से संपर्क करने पर एयरपोर्ट मैनेजर अपूर्वा झंझ़ाड ने विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए केवल इतना कहा कि, हम इस बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते. ऐसे में अमरावती के यात्रियों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि आखिर नाइट लैंडिंग सुविधा कब शुरू होगी और पुणे, हैदराबाद तथा अहमदाबाद जैसी बहुप्रतीक्षित हवाई सेवाओं का सपना कब पूरा होगा.





