40 दिनों से बारिश का इंतजार, खेतों में पहुंचकर विधायक रवि राणा ने देखा फसलों का हाल

तुअर, कपास और सोयाबीन की फसलों का किया निरीक्षण

* मुख्यमंत्री फडणवीस व पालकमंत्री बावनकुले से सूखा घोषित कर सभी किसानों को मुआवजा देने की मांग
अमरावती/दि.21 – बारिश में लंबे अंतराल के कारण किसानों की बढ़ती चिंता के बीच विधायक रवि राणा ने रविवार को किसानों के खेतों में पहुंचकर तुअर, कपास और सोयाबीन की फसलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. करीब 40 दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण फसलों पर पड़ रहे असर की जानकारी उन्होंने किसानों से ली. इस दौरान किसानों ने फसलों की वर्तमान स्थिति, पानी की आवश्यकता और खेती में आ रही विभिन्न समस्याओं से विधायक राणा को अवगत कराया.
खरीफ सीजन में किसानों ने बड़ी उम्मीदों के साथ तुअर, कपास और सोयाबीन की बुआई की थी. शुरुआत में हुई बारिश से फसलों को अच्छी बढ़त मिली थी और कई क्षेत्रों में फसलें बेहतर स्थिति में थीं. लेकिन पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण फसलों को अब पानी की सख्त जरूरत है. विशेष रूप से कपास, सोयाबीन और तुअर की फसलों के लिए आगामी दिनों में बारिश बेहद जरूरी होने की बात किसानों ने विधायक राणा के समक्ष रखी.

* बारिश के अभाव में फसलों पर बढ़ रहा तनाव
खेतों का निरीक्षण करते समय कुछ स्थानों पर बारिश के अभाव में फसलों पर तनाव दिखाई देने की बात विधायक राणा ने कही. किसानों ने मेहनत और बड़ी आर्थिक लागत से फसलें खड़ी की हैं, लेकिन बारिश के इंतजार में उनकी चिंता बढ़ती जा रही है. किसानों से बातचीत करते हुए राणा ने फसलों की स्थिति और उनकी परेशानियों की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान विधायक रवि राणा ने कहा कि किसान और खेत मजदूर सुखी, समृद्ध और संतुष्ट रहें, यही उनकी इच्छा है. किसान अपनी मेहनत और खून-पसीने से खेत में फसल खड़ी करता है और इस मेहनत को प्रकृति का साथ मिलना जरूरी है. उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर फसलें अभी अच्छी स्थिति में हैं, लेकिन उन्हें बचाने के लिए अब बारिश की बेहद आवश्यकता है.

* ‘सूखा घोषित कर किसानों को सरसकट मुआवजा दिया जाए’
विधायक राणा ने कहा कि यदि बारिश में और देरी होती है तो किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उन्होंने कहा कि इस गंभीर स्थिति को देखते हुए वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के समक्ष जिले में सूखा घोषित करने तथा सभी प्रभावित किसानों को सरसकट नुकसान भरपाई (मुआवजा) देने की मांग रखेंगे. उन्होंने कहा कि किसानों को इस संकट से बाहर निकालने के लिए सरकार से आवश्यक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

* गणपति बाप्पा और वरुणराज से बारिश के लिए प्रार्थना
खेतों में फसलों का निरीक्षण करने के बाद विधायक रवि राणा ने किसानों और खेत मजदूरों के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना भी की. उन्होंने गणपति बप्पा, महालक्ष्मी माता और वरुणराजा से जल्द अच्छी और पर्याप्त बारिश होने की प्रार्थना की. राणा ने कहा कि उनकी मनोकामना है कि संकट में फंसे किसानों और खेत मजदूरों को राहत मिले, खेतों में खड़ी फसलें लहलहाएं, किसानों की मेहनत सफल हो और उनके घरों में सुख-समृद्धि आए. उन्होंने उम्मीद जताई कि वरुणराज जल्द कृपादृष्टि करेंगे और क्षेत्र में समाधानकारक बारिश होगी.

Back to top button