श्री संत गुलाबराव महाराज की पालकी का लोणी टाकली में स्वागत
टाल-मृदंग और जय हरी विठ्ठल के जयघोष से गूंजा परिसर

नांदगांव खंडेश्वर /दि.27- श्री संत गुलाबराव महाराज संस्थान चांदुर बाजार से निकली संत गुलाबराव महाराज की पालकी उनके जन्मस्थान लोणी टाकली पहुंची, जहां श्रद्धा और उत्साह के साथ पालकी का भव्य स्वागत किया गया. स्वागत समारोह में ‘नई आशा, नई दिशा’ सोशल ग्रुप और ग्रामवासी बडी संख्या में उपस्थित थे.
जैसे ही पालकी का आगमन गांव में हुआ, गांव टाल-मृदंग और जय हरी विठ्ठल के जयकारों से गूंज उठा. हाथों में भगवा ध्वज लिए वारकरियों ने अनुशासन और भक्ति के साथ पालकी समारोह में हिस्सा लिया. बारिश के मौसम के बावजूद भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया. इस समय पालकी में भगवान की मूर्ति और पादुका के दर्शन के लिए बडी संख्या में भक्त उमडे और फूलों से सजी पालकी के दर्शन करने के बाद पूजन कर आशीर्वाद लिया. पालकी का गांव में जगह-जगह पर स्वागत किया गया और उसके पश्चात मंदिर परिसर में पालकी की विधिवत पूजा की गई. ग्रामवासियों द्वारा पालकी में शामिल वारकरियों के लिए सभी आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई गई.





