आका की आमद मरहबा… सरकार की आमद मरहबा
हजारों अकीदतमंदों की मौजूदगी में निकला भव्य जुलूस-ए-मिलादुन्नबी

* शहरभर में हुआ जोरदार इस्तकबाल, धूमधाम के साथ मनाया गया ईद-ए-मिलाद का पर्व
अमरावती/दि.26 – ईद-ए-मिलादुन्नबी के पवित्र अवसर पर आज अमरावती शहर में जुलूस-ए-मिलादुन्नबी बड़े ही धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाला गया. आका की आमद मरहबा… सरकार की आमद मरहबा नारों से पूरा शहर गूंज उठा. हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग इस जुलूस में शामिल हुए. जुलूस की शुरुआत हाथीपुरा स्थित हजरत मिस्किन शाह मियां मस्जिद के वसी मैदान से हुई. मस्जिद के इमाम एवं मुफ्ती-ए-शहर मुफ्ती शहरफुद्दीन साहब के नेतृत्व में जुलूस रवाना हुआ. इस अवसर पर बड़ी संख्या में उलेमा-ए-किराम, समाज के वरिष्ठजन, युवा, बच्चे और बुजुर्ग उपस्थित थे. जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के हाथों में इस्लामी झंडे और बैनर थे, जबकि कई वाहन धार्मिक संदेशों और सजावट से सुसज्जित किए गए थे.
* धार्मिक नारों और नात-ए-पाक से गूंजा माहौल
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर नात-ए-पाक और सलाम पेश किए गए. युवा एवं बच्चे नारे लगाते हुए चल रहे थे. पूरे मार्ग पर धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला. कई स्थानों पर समाज के युवाओं ने अनुशासित ढंग से जुलूस का संचालन किया और यातायात व्यवस्था में भी सहयोग प्रदान किया.
* शहरभर में हुआ भव्य स्वागत
जुलूस हाथीपुरा से निकलकर नागपुरी गेट नाका, असोरिया पेट्रोल पंप, हबीब नगर, रतनगंज, इतवारा बाजार, चांदनी चौक, नागपुरी गेट चौक और पठान चौक होते हुए हैदरपुरा स्थित मद्रासी बाबा परिसर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ. मार्ग में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया. अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर अकीदतमंदों का अभिनंदन किया गया. वहीं शरबत, ठंडा पानी, फल, मिठाई, बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों की सेवा की गई. कई स्थानों पर चिकित्सा सहायता और पेयजल की भी विशेष व्यवस्था की गई थी.
* भाईचारे और इंसानियत का दिया संदेश
जुलूस के दौरान वक्ताओं ने इंसानियत, अमन, मोहब्बत, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश को याद किया. उन्होंने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का पर्व नहीं, बल्कि पैगंबर की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का अवसर भी है. उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में शांति, प्रेम और एकता स्थापित की जा सकती है.
* आयोजन समिति की रही महत्वपूर्ण भूमिका
जुलूस-ए-मिलादुन्नबी के सफल आयोजन में अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अशफाक, मुख्य सचिव हाजी अफसर बेग, सह सचिव मोहम्मद इकबाल, खजांची सैय्यद निसार सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस अवसर पर उमर खान, आरिफ हुसैन सुबेदार, मोहम्मद अय्यूब खान, मोहम्मद सिराज बाली, इस्माईल रारानी, हाजी रिजवान, हाजी मुश्ताक, वसीम रजा, कासिम मेमन, इलियास भाई (नवाज टेलर्स), रफीक भाई इंटवाले, इलियास मेमन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.

* पुलिस प्रशासन ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे. इस दौरान पुलिस विभाग की ओर से भी जुलूस का स्वागत किया गया. पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके व शाम घुगे ने मिस्किन शाह मियां मस्जिद के इमाम एवं मुफ्ती-ए-शहर मुफ्ती शहरफुद्दीन साहब का स्वागत किया. वहीं मुफ्ती साहब ने भी दोनों पुलिस अधिकारियों का सम्मान कर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया.

* जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने दी मुबारकबाद
ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व के निमित्त अजीत पवार गुटवाली राकांपा की ओर से विधायक द्वय संजय खोडके व सुलभा खोडके एवं रायुकां नेता यश खोडके ने अपने कई समर्थकों सहित नागपुरी गेट परिसर में उपस्थित रहकर मुस्लिम समाज बंधुओं को ईद-ए-मिलाद के पर्व की शुभकामनाएं दी. वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख, मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, पार्षद बबलु शेखावत व मिलींद चिमोटे एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश रतावा ने भी जुलुस मार्ग पर उपस्थित रहते हुए मुस्लिम समाज बंधुओं को ईद-ए-मिलाद के पर्व पर मुबारकबाद पेश की.





