बच्चों की चिक्की में निकली इल्लियां

प्रशासन की लापरवाही से बच्चों की जान को खतरा

* पालकों ने की कार्रवाई की मांग
पथ्रोट/दि.11 बच्चों को शासन की ओर से दिए जा रहे पोषक आहार में इल्लियों और कीडे निकालने से प्रशासन के कारभार पर प्रश्न उपस्थित हो रहा है. पथ्रोट स्थित वार्ड नं. 6 खोडगांव रास्ता परिसर के आंगनवाडी केंद्र में मुंगफल्ली की चिक्की में इल्लियां निकालने का मामला सामने आया है. पोषक आहार के नाम पर बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड करने का आरोप पालकों ने लगाते हुए संबंधित अधिकारी व आपूर्ति करनेवाले पर कडी कार्रवाई करने की मांग की है.
जानकारी के अनुसार निकिता अनिल दांडगे मंगलवार को आंगनवाडी से पोषक आहार लेकर अपने घर पहुंची और उसके बेटे विश्व अनिल दांडगे (3 वर्ष) को चिक्की दी. जैसे ही चिक्की का पाकिट खोला गया, उसमें लाल कीडे दिखाई दिए. यह देखते ही परिवार सहित परिसर के नागरिकों ने असंतोष व्यक्त किया. आंगनवाडी में शून्य से लेकर तीन वर्ष की उम्र के बालकों को दिए जा रहे आहार की गुणवत्ता जांच की जवाबदारी संबंधित यंत्रणा पर रहते हुए भी इस प्रकार की लापरवाही दिखाई दी. आपूर्ति से वितरण तक किसी भी प्रकार की प्रभावी जांच न होने का आरोप पालकों द्वारा लगाया गया है.
इस मामले में महिला व बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न चिन्ह उपस्थित हुआ है. दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग जोर पकड रही है. इस प्रकरण में पंचनामा कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारी कार्यालय को पहुंचाई जाने की जानकारी महिला व बाल विकास प्रकल्प अधिकारी वैभवकुमार मापते द्वारा दी गई है.

Back to top button