34 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी

होटल के निचे मिला युवक का शव

वाशिम/दि.11- काम के सिलसिले में दोस्तों के साथ वाशिम आए एक 34 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई. यह घटना बुधवार 10 जून तडके सामने आई. मृतक की पहचान आशीष बाबाराव शेलके (एकलारा आर्वी, वर्धा) के रूप में हुई है. मामला हादसा है या साजिश इसे लेकर कई तरह की चर्चा चल रही है. हालांकि मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष शेलके अपने दोस्त विनोद वसंतराव फटिंग, अजय मनोहरराव वानखेडे, गणेश जनार्दन भगत और सचिन शंकरराव राऊत के साथ वाशिम शहर में एक ले-आऊट के काम के लिए आए थे. पुरे दिन का काम खत्म करने के बाद सभी 9 जून की शाम करीब 7 बजे शहर के शिवाजी चौक स्थित एक लॉज में ठहरे थे. जानकारी के अनुसार सभी लोग होटल पहुंचने के समय नशे की हालत में थे और कॉमन डॉरमेट्री में रूके थे. बुधवार 10 जून तडके जब अन्य दोस्तों की नींद खुली तो आशीष अपने बिस्तर पर नहीं मिला. तलाश करने पर वह होटल से लगी इमारत के परिसर में मृत अवस्था में पाया गया. बताया जा रहा है कि रात में साथ सोने के बाद आशीष तडके टेरेस पर कैसे पहुंचा और वहां से नीचे कैसे गिरा. इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. घटना से इलाके में शोक का माहौल है और हादसे या किसी साजिश की आशंका को लेकर चर्चा जारी है. वाशिम शहर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पंचनामा किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की आगे की जांच जारी है.

Back to top button