टाइटंस पब्लिक स्कूल की केजी वाटिका में योग व बाल संस्कार शिविर आयोजित

नन्हे बच्चों को योग, प्राणायाम के साथ माता-पिता के सम्मान और नैतिक मूल्यों की दी सीख

अमरावती/दि.22 – हॉलीवुड कॉलोनी स्थित टाइटंस पब्लिक स्कूल की विशेष इकाई ‘किंडरगार्टन वाटिका’ में बच्चों के लिए योग, उच्च संस्कार एवं बाल संस्कार कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही योग के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उनमें अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करना रहा.
यह कार्यक्रम बाल संस्कार विभाग, योग वेदांत सेवा समिति की ओर से आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षिका अर्चना ठाकरे ने बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा सदाचार से संबंधित महत्वपूर्ण बातें सरल और रोचक तरीके से समझाईं. योग सत्र के दौरान बच्चों को उनकी उम्र के अनुरूप आसान योगासन कराए गए. प्रशिक्षिका ने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलती है.
* माता-पिता के सम्मान की दी सीख
बाल संस्कार सत्र में बच्चों को माता-पिता और बड़ों का सम्मान करने, अच्छे व्यवहार को अपनाने तथा दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करने की सीख दी गई. बच्चों को खेल-खेल में संस्कार और अच्छी आदतों का महत्व समझाया गया. नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला. स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए योग वेदांत सेवा समिति और प्रशिक्षिका अर्चना ठाकरे का आभार व्यक्त किया.

Back to top button