होंडा सिटी की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

बडनेरा थाना क्षेत्र के पुराना बायपास रोड की घटना

अमरावती/दि.14 – अमरावती-बडनेरा पुराने बायपास रोड पर सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दोपहिया वाहन सवार 24 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. हादसे में मृत युवक का नाम निंभोरा निवासी मयूर अविनाश उरकुड़े (24) है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10.30 बजे निंभोरा स्टॉप के पास होंडा सिटी कार क्रमांक एमएच-03/बीई-3802 ने डियो मोपेड क्रमांक एमएच-27/डीएफ-2217 को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड के परखच्चे उड़ गए और उसके कई हिस्से अलग हो गए. हादसे में निंभोरा निवासी मयूर अविनाश उरकुड़े (24) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. मंगलवार सुबह से स्थानीय नगरसेवक नाना आमले तथा मृतक के समर्थक बडनेरा पुलिस थाने पहुंचे और फरार कार चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की. बडनेरा पुलिस स्टेशन के थानेदार हनुमंत उरलगोंडवार ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वस्त किया कि पुलिस की टीम फरार चालक की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा. मृतक के पिता अविनाश उरकुड़े की शिकायत के आधार पर बडनेरा पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार चालक की तलाश कर रही है.

Back to top button