गणवेश का पैसा अटका, आपूर्तिकर्ताओं के तगादे से मुख्याध्यापक त्रस्त
अमरावती के हजारों विद्यार्थियों के लिए शिक्षक परेशान

* शिक्षक समिति का दावा, राज्य में 11.55 करोड़ की पहली गणवेश राशि बकाया, दूसरी गणवेश के 126 करोड़ से अधिक अप्राप्त
अमरावती /दि.25– समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिला परिषद और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं की शालाओं के विद्यार्थियों को वितरित किए गए नि:शुल्क गणवेश तथा जूते-मोजों की राशि अब तक शाला खातों में जमा नहीं होने से अमरावती जिले सहित राज्यभर के मुख्याध्यापक आर्थिक और प्रशासनिक परेशानी में हैं. महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति ने दावा किया है कि शैक्षणिक वर्ष 2026-27 शुरू हुए तीन महीने बीतने के बावजूद गणवेश की राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है.
समिति के अनुसार, पहली गणवेश के लिए प्रति विद्यार्थी 60 रुपये, दूसरी गणवेश के लिए 300 रुपये तथा जूते-मोजों के लिए 100 रुपये निर्धारित हैं. राज्यभर में पहली गणवेश एवं जूते-मोजों की कुल 11 करोड़ 55 लाख 14 हजार 830 रुपये की राशि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं की शालाओं को प्राप्त नहीं हुई है. वहीं दूसरी गणवेश के लिए 126 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की राशि भी अप्राप्त होने का दावा समिति ने किया है.
* पहले दिन गणवेश बांटा, अब भुगतान के लिए इंतजार
शिक्षक समिति के मुताबिक शासन के निर्देशों के अनुसार मुख्याध्यापकों ने शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध करा दिया. इसके लिए कपड़ा, जूते-मोजे उपलब्ध कराने वाले दुकानदारों तथा गणवेश की सिलाई करने वाले कारीगरों से सामग्री और सेवा ली गई. लेकिन शाला खातों में निधि जमा नहीं होने से अब यही आपूर्तिकर्ता और कारीगर भुगतान के लिए मुख्याध्यापकों से लगातार तगादा कर रहे हैं. राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण मुख्याध्यापकों के सामने आपूर्तिकर्ताओं का भुगतान करने की समस्या खड़ी हो गई है. शिक्षक समिति का कहना है कि इस स्थिति का असर शालाओं के नियमित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कामकाज पर भी पड़ रहा है.
* शिक्षा मंत्री से तत्काल निधि जारी करने की मांग
मामले को लेकर महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति के राज्याध्यक्ष विजय कोंबे और राज्य महासचिव राजन कोरगांवकर ने शिक्षा मंत्री दादा भुसे तथा शिक्षा संचालक शरद गोसावी को निवेदन सौंपा है. समिति ने संबंधित शालाओं अथवा केंद्रों के खातों में लंबित निधि तत्काल जमा करने की मांग की है. निवेदन की प्रतियां अमरावती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, विभागीय उपसंचालक तथा प्राथमिक शिक्षा अधिकारी को भी जानकारी के लिए भेजी गई हैं. यह जानकारी शिक्षक समिति के राज्य प्रचार प्रमुख राजेश सावरकर ने दी.





