शहर के 12 धावक लेंगे कॉमरेडस् मैराथॉन में हिस्सा
दक्षिण अफ्रिका में होती है 90 किमी की दूरी वाली सबसे कठिन मैराथॉन

* देशभर से शामिल होंगे 415 स्पर्धक, अमरावती के धावकों का पहली बार सहभाग
अमरावती/दि.23 – विगत 8-10 वर्षों से मुंबई, पुणे व बंगलुरु की तर्ज पर क्रीडा व सांस्कृतिक पार्श्वभूमि रहनेवाले अमरावती शहर में भी मैराथॉन स्पर्धा का आयोजन होना शुरु हो गया है और अमरावती मैराथॉन के जनक सेवानिवृत्त विक्रीकर उपायुक्त दिलीप पाटिल के मार्गदर्शन के तहत अमरावती मैराथॉन एसोसिएशन द्वारा ऐसे आयोजन करने के साथ-साथ मैराथॉन का निशुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है. जिसके तहत अमरावती शहर में मैराथॉन धावकों की संख्या दिनोंदिन बढ रही है और अब अमरावती शहर के 12 धावकों द्वारा दक्षिण अफ्रिका में आयोजित होने जा रही कॉमरेडस् मैराथॉन-2025 में हिस्सा लेने की तैयारी की जा रही है.
बता दें कि, कॉमरेडस् मैराथॉन में धावकों को 90 किमी की दूरी तय करनी होती है और दक्षिन अफ्रिका में आयोजित होनेवाली इस मैराथॉन स्पर्धा को दुनिया की सबसे कठिन मैराथॉन स्पर्धा माना जाता है. जिसमें अमरावती मैराथॉन के जनक व सेवानिवृत्त विक्रीकर उपायुक्त दिलीप पाटिल लगातार दसवीं बार हिस्सा लेने जा रहे है. इसके साथ ही कई हाफ व फूल मैराथॉन पूर्ण कर चुके हाफ आयर्न मैन पुलिस हवालदार राजेश कोचे, महापारेषण के अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता मंगेश पाटिल व मुंबई में पदस्थ पुलिस निरीक्षक सतीश उमरे दूसरी बार हिस्सा लेंगे. इसके अलावा शहर के प्रसिद्ध व्यायामोपचार विशेषज्ञ डॉ. सागर धानोडकर, ख्यातनाम भवन निर्माण व्यवसायी प्रमोद राठोड, सेवानिवृत्त तहसील कृषि अधिकारी अनिल कांबले, कृषि अधिकारी संजय पाटिल, जिलाधीश कार्यालय के लेखाधिकारी संजय अंबाडेकर, महावितरण की सहायक लेखापाल प्रणिता निस्ताने पाटिल, कस्तुरबा गांधी कन्या विद्यालय की सहायक शिक्षिक रीतू तलमले, शिक्षा शास्त्र आचार्य ऋतुजा फुके पहली बार दक्षिण अफ्रिका में होनेवाली दुनिया की सबसे कठिन कॉमरेडस् मैराथॉन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. विशेष उल्लेखनीय है कि, इस मैराथॉन स्पर्धा में भारत से कुल 415 स्पर्धक ही शामिल होनेवाले है. जिसमें से अकेले अमरावती से रिकॉर्ड 12 सदस्य पहली बार इस स्पर्धा में हिस्सा लेने जा रहे है.
खास बात यह भी है कि, विदर्भ क्षेत्र से अब तक इस मैराथॉन स्पर्धा को अमरावती मैराथॉन के जनक व सेवानिवृत्त विक्रकर उपायुक्त दिलीप पाटिल सहित म्हाडा की उपअभियंता दिपमाला बद्रे व इस समय नागपुर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल कुरलकर द्वारा पूर्ण किया गया है. जिन्होंने इस वर्ष इस मैराथॉन स्पर्धा में हिस्सा लेने जा रहे सभी सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है.





