चिखलदरा पर्यटन समिति गठन का प्रस्ताव पारित
नगराध्यक्ष शे. अब्दुल ने पत्रकार मनोज शर्मा के सुझाव पर लिया त्वरित निर्णय

* पर्यटन मंत्री, विधायक और जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा प्रस्ताव
* शासकीय समिति गठन की होगी मांग, रफ्तार पकडेगा चिखलदरा का विकास
अमरावती/दि. 29 – जिले सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र के एकमात्र हील स्टेशन चिखलदरा को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए चिखलदरा पर्यटन समिति गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया है. यह प्रस्ताव चिखलदरा तहसील क्षेत्र के पत्रकार संवाददाता मनोज शर्मा द्वारा दिए गए सुझाव पर नगराध्यक्ष शे. अब्दुल शे. हैदर ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए बैठक में विषय रखकर मंजूर कराया. बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि चिखलदरा के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास के लिए एक सक्षम पर्यटन समिति का गठन अत्यंत आवश्यक है. इस प्रस्ताव को अब पर्यटन मंत्री, विधायक रवि राणा, जिलाधिकारी और पालकमंत्री को सौंपकर शासन स्तर पर अधिकृत समिति गठित करने की मांग की जाएगी.
* चिखलदरा को नई पहचान देने की तैयारी
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि चिखलदरा को एक नई पर्यटन पहचान देने के लिए सुनियोजित विकास समय की मांग है. स्कायवॉक जैसे प्रकल्पों के कारण देशभर से पर्यटकों के चिखलदरा आने की संभावना बढ़ी है. ऐसे में पर्यटकों को आकर्षित करने, ठहरने, घूमने, मनोरंजन और स्थानीय संस्कृति से जोड़ने के लिए दीर्घकालिक पर्यटन नियोजन आवश्यक माना गया. प्रस्ताव में कहा गया कि चिखलदरा केवल प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित न रहे, बल्कि यहां की शुद्ध आबोहवा, गवली समाज की संस्कृति, स्थानीय खानपान, वन औषधियां, पौराणिक पांडवकालीन इतिहास और किलों की विरासत को भी पर्यटन से जोड़ा जाए. इसके लिए ऐसा वातावरण तैयार किया जाए कि पर्यटक एक-दो घंटे नहीं, बल्कि 3 से 4 दिन का पर्यटन पैकेज बनाकर यहां आएं.
* स्थानीय रोजगार और पर्यटन व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा
समिति गठन का मुख्य उद्देश्य चिखलदरा में पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा देना है. प्रस्ताव में कहा गया कि यदि चिखलदरा में पर्यटन का सुनियोजित विकास होता है तो स्थानीय व्यवसायियों, होटल संचालकों, गाइड, परिवहन सेवाओं और हस्तकला से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
* स्कूल टूर, पार्किंग और आधारभूत सुविधाओं पर रहेगा फोकस
बैठक में यह भी कहा गया कि चिखलदरा आने वाली स्कूल टूर की संख्या घट गई है, जिसे फिर से प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए. इसके लिए छात्रों के लिए सुरक्षित, सस्ती और शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई गई. इसके अलावा पार्किंग समस्या, सड़कों का चौड़ीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बंद पड़े उद्यानों का पुनरारंभ, वॉटर पार्क, एडवेंचर गतिविधियां और सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दों पर भी समिति कार्य करेगी. सड़कों के दोनों ओर 15-15 फुट के अंतराल पर वृक्षारोपण, आधुनिक लाइटिंग और पर्यटक सुविधाओं का विस्तार भी प्रस्तावित किया गया.
* विकास योजनाओं के लिए अधिकारयुक्त समिति की मांग
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि चिखलदरा के विकास के लिए केवल सुझाव देने वाली नहीं, बल्कि अधिकारयुक्त समिति की आवश्यकता है, जिसके प्रस्तावों के आधार पर विकास योजनाएं बनें और शासकीय निधि का नियोजन भी उसी के माध्यम से हो. प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया कि पर्यटन महोत्सव, स्थानीय सांस्कृतिक आयोजन, अधोसंरचना विकास और पर्यटन संवर्धन से जुड़े सभी कार्य इसी समिति के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे. इसी मांग को लेकर अब शासन स्तर पर अधिकृत चिखलदरा पर्यटन समिति के गठन की पहल की जाएगी.