अंजनगांव समेत राज्य के पांच उपजिला अस्पतालों के लिए 127 करोड रुपए मंजूर
विदर्भ के अंजनगांव, शिवापुर, अकोट और पुसद शहर में बनेंगे नये अस्पताल

* ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल
नागपुर/दि.14 – महाराष्ट्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (झचगतघ) के तहत पांच नए उपजिला अस्पतालों के निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इनमें से चार अस्पताल विदर्भ क्षेत्र में बनाए जाएंगे.
* विदर्भ में यहां बनेंगे नए अस्पताल
अंजनगांव सुर्जी (अमरावती) – 50 बिस्तरों का उपजिला अस्पताल, 5.79 करोड़ रुपये, पुसद (यवतमाल) – 50 बिस्तरों का उपजिला अस्पताल, 4 करोड़ रुपये, शिवापुर (अकोला) – 100 बिस्तरों का उपजिला अस्पताल, 12 करोड़ रुपये, अकोट (अकोला) – 100 बिस्तरों का उपजिला अस्पताल, 8 करोड़ रुपये. इसके अलावा हिंगोली में महिलाओं के लिए 100 बिस्तरों का विशेष अस्पताल बनाया जाएगा, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
* केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगी वित्तपोषण
परियोजना के लिए कुल 127 करोड़ रुपये में से 60 प्रतिशत (76.29 करोड़ रुपये) केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत (50.86 करोड़ रुपये) राज्य सरकार वहन करेगी. सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने यह राशि मुंबई स्थित स्वास्थ्य सेवा संचालनालय (वित्त एवं प्रशासन) के संयुक्त निदेशक को उपलब्ध करा दी है, जिससे निर्माण कार्य शुरू किया जा सके.
* ग्रामीण मरीजों को मिलेगा लाभ
सरकार का कहना है कि नए उपजिला अस्पताल बनने से जिला अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. यह प्रस्ताव वर्ष 2020 में स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किया गया था, जिसे 2021 में केंद्र सरकार की सक्षम समिति की बैठक में मंजूरी मिली थी. सरकार के अनुसार, इन अस्पतालों के शुरू होने से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध होगा तथा जिला अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी.