अधिक मास पर 14 लाख भाविकों ने किए दर्शन
भगवान विठ्ठल के चरणों में 9.46 करोड किए अर्पित

पंढरपुर/ दि.17- अधिक मास के पावन पर्व पर भगवान विठ्ठल के दर्शन के लिए आये देशभर के भाविकों ने भगवान विठ्ठल के चरणों में 9 करोड 46 लाख रूपए का दान अर्पित किया. पिछले वर्ष की तुलना में यह दान 2 करोड 26 लाख रूपए से अधिक है. इस महिने में 14 लाख 60 हजार भाविकों ने पंढरपुर में भगवान विठ्ठल के दर्शन किए ऐसी जानकारी मंदिर समिति के अध्यक्ष गहिनीनाथ महाराज औसेकर ने दी.
पुरूषोत्तम मास में श्री विठ्ठल दर्शन और चंद्रभागा नदी के स्नान को वारकरी संप्रदाय में विशेष महत्व है. इस पर्व का पुण्य कमाने देशभर से 14 लाख से अधिक भाविक दर्शन के लिए पंढरपुर आए और उन्होंने भगवान विठ्ठल के चरणों में दान अर्पित किया. अधिक महिने में किए गए दान का विशेष महत्व रहता है.
17 अप्रैल से 15 जुन के दौरान अधिक मास में राज्य भर के विविध राज्यों से भाविक दर्शन लेने के लिए आए. महिने भर में 5 लाख 30 हजार 620 भाविकों ने श्री विठ्ठल-रूक्मिणी के पदस्पर्श दर्शन तथा 9 लाख 30 हजार 68 भाविकों ने मुखदर्शन का लाभ लिया. दर्शन करने आए भाविकों ने नगद रकम सहित सोने व चांदी के गहने भी भगवान विठ्ठल के चरणों में अर्पण किए.
तीन वर्ष पूर्व की तुलना में दान में 2 करोड की वृध्दी
साल 2023 के अधिक मास में मंदिर समिति को दान के स्वरूप 7 करोड 19 लाख 42 हजार 437 रूपए प्राप्त हुए थे. इस बार 9 करोड 46 लाख 28 हजार 233 रूपए प्राप्त हुए है. पिछले अधिक मास की तुलना में 2 करोड 26 लाख 85 हजार 796 रूपए की वृध्दी हुई है. मंदिर संस्थान को दिए गए दान से भगवान श्री विठ्ठल -रूक्मिणी के दर्शन करने आनेवाले वारकरी तथा भाविकों की सुविधा के लिए मंदिर समिति व्दारा व्यवस्था की जाती है. मंदिर समिति भाविकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने सदैव तत्पर है ऐसा मंदिर समिति व्यवस्थापक प्रविणकुमार घम ने कहा.
भाविकों ने ऐसे किया काम
अधिक मास के अवसर पर भाविकों ने श्री के चरणों में 21 लाख 72 हजार 679 रूपए अर्पित किए. इसके अलावा दान व्दारा 2 करोड 3 लाख 55 हजार 180 , लड्डु प्रसाद की बिक्री से 72 लाख 33 हजार 700 ,भक्त निवास से 1 करोड 25 लाख 56 हजार 723 , पूजाविधी के माध्यम से 11 लाख 3 हजार 427 , हुंडी पेटी से 2 करोड 53 लाख 82 हजार 344, सोने -चांदी के अर्पण से 1 करोड 78 लाख 43 हजार 167 तथा फोटो बिक्री , महावस्त्र, गोबर खाद,गोमुत्र , मोबाईल लॉकर , जमा पावती, चंदन आदि विविध माध्यमों से 19 लाख 81 हजार 13 इस प्रकार से कुल 9 करोड 46 लाख रूपए मंदिर समिति को प्राप्त हुए.





