तोेमोय स्कूल के 150 विद्यार्थियों ने देखा अग्निशमन विभाग का कामकाज

अमरावती/दि.7 – अमरावती मनपा के अग्निशमन विभाग, ट्रांसपोर्ट नगर अग्निशमन केंद्र में 6 अक्टूबर को तोमोय प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत आग बुझाने की प्रक्रिया और अग्निशमन विभाग के कामकाज की जानकारी ली. इस दौरान करीब 150 विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे.
मनपा अग्निशमन विभाग के अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी दिनेश हंबर्डे के मार्गदर्शन में आयोजित इस दौरे के दौरान विद्यार्थियों को अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली, आपातकालीन परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई.
* विद्यार्थियों को अग्निशमन उपकरणों की दी जानकारी
ट्रांसपोर्ट नगर अग्निशमन केंद्र के केंद्रप्रमुख मोहसिन इकबाल तथा अमोल सालुंके, मुजाहिद, सागर माकोड़े सहित अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को अग्निशमन वाहनों और विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी. इस दौरान अलग-अलग प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर, उनके उपयोग तथा आपातकालीन स्थिति में किस प्रकार कार्रवाई की जाती है, इसकी जानकारी विद्यार्थियों को दी गई. अग्निशमन वाहनों के माध्यम से प्रत्यक्ष प्रात्यक्षिक भी दिखाया गया. विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में इमरजेंसी प्लान किस तरह लागू किया जाता है, इसकी भी जानकारी दी गई. वाहनचालक शारिक अहमद, संजय चव्हाण, फाईक अहमद और शेख अमीन सहित अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को अग्निशमन वाहनों की कार्यप्रणाली समझाई.
* शिक्षकों ने भी लिया हिस्सा
इस शैक्षणिक दौरे में तोमोय स्कूल की शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी ज्योति वानखड़े, नीलम सातपुते, सेजल इंगले, यश पांडे और पूजा वर्हेका उपस्थित रहे. विद्यार्थियों ने अग्निशमन केंद्र का भ्रमण कर अग्निशमन उपकरणों और वाहनों के बारे में जानकारी प्राप्त की. इस तरह के शैक्षणिक दौरों से विद्यार्थियों में अग्निसुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सावधानी और सुरक्षा उपायों की समझ विकसित होने में मदद मिलती है.





