महाबैंक में 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर व्यवस्थापन प्रशिक्षण हुआ
जिले की 34 महिला व युवतियों ने लिया सहभाग

अमरावती/दि.15– केंद्रिय ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र प्रायोजित महाबैंक ग्रामीण स्वयं रोजगार प्रशिक्षण संस्था व्दारा हव्याप्रमं. में आयोजित किए गए 35 दिवसीय नि:शुल्क ब्यूटि पार्लर व्यवस्थापन प्रशिक्षण का हाल ही में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ. यह प्रशिक्षण 10 जून से 14 जुलाई तक आयोजित किया गया था. इस प्रशिक्षण में अमरावती जिले की 34 महिला व युवतियों ने उत्साह के साथ सहभाग लिया.
प्रशिक्षण के दौरान सौंदर्य प्रसाधन का सुरक्षित फेशियल, हेअर केअर, मेकअप, त्वचानिगा, मेंहंदी , उद्योजकता विकास, ग्राहक सेवा तथा खुद का व्यवसाय शुरू करने बाबत सैध्दांतिक व प्रात्यक्षिक स्वरूप में मार्गदर्शन किया गया. इस प्रशिक्षण के लिए शरद पांडे व राणी पंडीत ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में कार्य करते हुए प्रशिक्षणार्थियों का शानदार मार्गदर्शन किया. समापन कार्यक्रम में संस्था के संचालक निखिल भस्मे ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभेच्छा देते हुए ग्रामीण क्षेत्र में बेरोजगार युवक-युवतियों को महाबैंक आरसेटी के विविध नि:शुल्क स्वयंरोजगार प्रशिक्षण का लाभ लेकर खुद का उद्योग-व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से मजबूत होने का आवाहन किया. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दीपक माहूरे, अनिता तरारे, धनंजय पांडे, किर्ती कराले व गजेंद्र बोबडे ने अथक परिश्रम किया.





