रक्तदान शिविर में दो दिनों में 392 यूनिट रक्त संग्रहित
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन का आयोजन

अमरावती /दि.10 – संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा सतगुरु माता माता सुधीक्षाजी महाराज एवं निरंकारी राजपिता के पावन आशीर्वाद और मार्गदर्शन में आयोजित दो दिवसीय रक्तदान शिविर में कुल 392 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. 6 एवं 7 जून को आयोजित इस शिविर ने सेवा, करुणा और मानवता का प्रेरणादायक संदेश दिया.
शिविर में विधान परिषद सदस्य संजय खोडके, अमरावती के महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा संयोजक महेश पिंजानी विशेष रूप से उपस्थित रहे. अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस सेवा कार्य की सराहना की और इसे मानव कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. संत निरंकारी मिशन के अनुसार रक्तदान शिविरों की श्रृंखला 24 अप्रैल को मनाए जाने वाले मानव एकता दिवस से प्रारंभ हुई है, जिसके अंतर्गत वर्षभर देश के विभिन्न शहरों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी अभियान के तहत अमरावती में इस विशाल शिविर का आयोजन किया गया. संत निरंकारी मिशन पिछले चार दशकों से रक्तदान सेवा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है. मिशन की विभिन्न शाखाओं एवं सेवा केंद्रों के माध्यम से अब तक 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जा चुका है.
शिविर में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. अनुभवी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में रक्तदान प्रक्रिया को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया. कार्यक्रम के दौरान सेवा, स्वच्छता और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है. मिशन के पूर्व सद्गुरु बाबा हरदेव सिंगजी महाराज का संदेश रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए. आज भी लाखों लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहा है. दो दिनों में एकत्रित 392 यूनिट रक्त इस बात का प्रमाण है कि जब समाज मानवता और सेवा के लिए एकजुट होता है, तो सकारात्मक परिवर्तन की नई मिसाल कायम होती है.





