मल्टीमीटर सप्लाय के नाम पर 4.90 लाख रुपए की ठगी

दिल्ली के व्यवसायी के खिलाफ मामला दर्ज

अमरावती/दि.20 – मल्टीमीटर सप्लाय के नाम पर बडनेरा शहर के जुनी बस्ती के एक व्यवसायी से लाखों रुपए लेने के बावजूद दिल्ली के एक व्यवसायी द्वारा सामान नहीं भेजने का मामला सामने आया है. अर्जुन पंडितराव माहोरे (23) नामक व्यवसायी की शिकायत पर बडनेरा पुलिस ने दिल्ली के सबइलेक्ट्रीकल्स एण्ड शॉप के संचालक रिंकू मिश्रा (40) के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया है.
शिकायतकर्ता अर्जुन माहोरे के मुताबिक 27 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3.15 बजे मल्टीमीटर ऑर्डर की कुल राशि 4 लाख 90 हजार 880 रुपए आरटीजीएस के माध्यम से रिंकू मिश्रा के खाते में ट्रान्सफर की गई थी. शिकायत में बताया गया है कि, यह रकम करुर वैश्य बैंक लिमिटेड लक्ष्मी नगर बैंक शाखा के अकाउंट में भेजी गई. इसके अलावा संबंधित यूपीआईआईडी भी बतायी गई है. आरोपी का पता भाटी होटल के पास मेन रोड मंडावली, दिल्ली 110092 बताया गया है. आरोप है कि, पैसे मिलने के बाद भी रिंकू मिश्रा ने ऑर्डर के अनुसार मल्टीमीटर सप्लाय नहीं की है. वहीं अर्जुन माहोरे द्वारा पैसे वापिस मांगने पर टालमटोल करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. अर्जुन माहोरे की शिकायत पर रिंकू मिश्रा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4), 351 (2) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की है.

Back to top button