रिसॉर्ट के स्वीमिंग पुल में डूबा 7 वर्ष का अभिनंदन
कोंढाली थाने में मालिक अप्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज

नागपुर/दि.17- जामठा के संदेश सिटी रहनेवाले नागरवाडे परिवार के साथ गत शनिवार सबसे बडी दुर्घटना हो गई. जब मात्र सात वर्ष का अभिनंदन नागरवाडे अम्ब्रोशिया रिसॉर्ट में स्वीमिंग पुल में डूब गया. पुलिस ने रिसॉर्ट मालिक नरेश पवनीकर और प्रबंधक सुनील भोयर के विरूध्द अपराध दर्ज किया है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार माता-पिता का ध्यान हटा और सात वर्ष का अभिनंदन तरणताल में डूब गया.
स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी मनाने अभिनंदन अपने पिता कमलेश और मां एवं अन्य लोगों के साथ उक्त रिसॉर्ट गया था. दोपहर 3.30 बजे वे लोग रिसॉर्ट पहुंचे. करीब 4 बजे पिता कमलेश नागरवाडे और उनके मित्र कपडे बदलने चले गये. इसी दौरान अभिनंदन स्वीमिंग पुल में चला गया और डूब गया.
कुछ देर बाद वहां मौजूद एक व्यक्ति की उस पर नजर पडी और उसने बच्चे को पानी से बाहर निकाला. सीपीआर देने का प्रयास किया. उपरांत अभिनंदन को काटोल ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया.
* न निगरानी न लाइफ गार्ड
पुलिस के अनुसार स्वीमिंग पुल में बच्चे मौजूद रहने के बावजूद वहां लाइफ गार्ड या निगरानी कर्मचारी तैनात नहीं थे. आपात सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी नहीं बरतने के मृतक के पिता की शिकायत में आरोप किया गया है. पुलिस ने रिसॉर्ट मालिक और मैनेजर के विरूध्द अपराध दर्ज किया है. खबर है कि रिसॉर्ट का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है. थानेदार सुमित परतेकी के मार्गदर्शन में सहायक निरीक्षक रोशन बावनकर आगे जांच कर रहे है. अमरावती-नागपुर हाइवें पर कोंढाली थाना क्षेत्र के ग्रामीण भागों में रिसॉर्ट, होटलों, फार्म हाउस की संख्या सतत बढ रही है. सप्ताहांत में परिवार बडी संख्या में यहां आते हैं. कृत्रिम तालाब, स्वीमिंग पुल और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध करानेवाले इन रिसॉर्ट में दुर्घटना होने पर पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं, यह प्रश्न उक्त घटना के कारण उपस्थित हुआ है.





