नमूना की सभी 18 गलियां कांक्रीट की बनाना है
नवनिर्वाचित नगरसेविका लवीना हर्षे का कहना

* सफाई कर्मी भी बढाएंगे प्रभाग के लिए
* अंबापेठ-गौरक्षण-नमूना प्रभाग 13
अमरावती/दि.3 – सतत दूसरी बार बीजेपी उम्मीदवार के रुप में शहर के प्रतिष्ठित अंबापेठ-गौरक्षण प्रभाग 13 से निर्वाचित नगरसेविका लवीना हर्षे ने साफ कहा कि, इस बार उनकी प्राथमिकता प्रभाग से गंदगी को दूर करना है ही. साथ ही नमूना की सभी 18 गलियों में कांक्रीट की सडक और पक्की नालियां बनाने वरीयता रहेगी. अंबापेठ प्रभाग से बीजेपी के 3 नगरसेवक लवीना हर्षे, स्वाती कुलकर्णी तथा मिलिंद बांबल विजयी रहे हैं. हर्षे ने कहा कि, हमारा प्रभाग कई मायनों में अनूठा है. यहां कमर्शियल के साथ रेसीडेन्सीयल एरिया भी काफी है. इसलिए मार्केट की समस्याओं से निजात पाने के साथ लोगों की आवासीय सुविधाओं पर भी गौर करना रहता है. लवीना हर्षे के यजमान गजेंद्र हर्षे महापालिका में टैक्स अधिकारी है, तो परिवार में दो पुत्र आर्यन तथा वीर है. आर्यन अभियांत्रिकी के थर्ड इयर के छात्र है, तो वीर कक्षा दसवीं की एक्झाम देने जा रहे हैं.
* नवरात्री को देखते हुए नमूना पर ध्यान
लवीना हर्षे ने बताया कि, शारदीय नवरात्री दौरान अंबादेवी में आनेवाले लाखों भक्तों की सुविधार्थ मुख्य सडकों पर दुपहिया की भी आवाजाही रोक दी जाती है. ऐसे में फोर विलर और दुपहिया चालक नमूना की गलियों से अपना मार्ग निकालते हैं. इसलिए नमूना के छोटे मार्गों को कांक्रीट का बनाना और वहां की नालियों को भी पक्का करना उनका पहला कार्य रहेगा. उन्होंने कहा कि, नमूना अलग परिस्थिति का क्षेत्र है. आधा भाग पूरी तरह कमर्शियल हो गया है. जबकि अभी भी काफी प्रमाण में लोग यहां रहते हैं. ऐसे में निवासी और व्यापारी दोनों की सुविधार्थ कार्य करने होते हैं.
* अंबादेवी और परिसर का विकास
अंबादेवी और एकवीरा देवी परिसर को जनसुविधाओं से लैस करना है. पूरा क्षेत्र कांक्रीट का पक्का बनाना है. छोटे दुकानदारों को भी सुविधा देनी है, तो आनेवाले श्रद्धालुओं का भी ध्यान हमें नगरसेवक के रुप में रखना होगा. उस दृष्टि से आनेवाले दिनों में अवश्य कार्य करेंगे. मनपा में बीजेपी की सत्ता होने से निश्चित ही हमारे प्रस्तावों को पारित और क्रियान्वित करने में सहायता मिलेगी.
* सीसीटीवी इंस्टॉलेशन शीघ्र
सतत दूसरी बार नगरसेविका बनी लवीना हर्षे ने कहा कि, व्यावसायिक क्षेत्र और अनेक ट्रैफिक सिग्नल होने से हमारे प्रभाग में सबसे पहले सीसीटीवी इंस्टॉलेशन पर जोर रहेगा. यहां बडे प्रमाण शहरभर के नागरिक और आसपास के नगरों-शहरों से भी लोग आते हैं. ऐसे में सभी की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है. इसलिए तीसरी आंख का चुनावी घोषणापत्र से किया गया वादा हकीकत में उतारना है. महिला, युवती की सुरक्षा की दृष्टि से भी यह बेहद आवश्यक कदम होगा.
* गंदगी निवारण भी जरुरी, 20 कर्मचारी बढाएंगे
लवीना हर्षे ने कहा कि, अन्य प्रभागों के समान हमारे प्रभाग में भी साफ-सफाई को प्राथमिकता देनी है. लोगों की सबसे बडी शिकायत गंदगी को लेकर ही रही. इसलिए हमारे प्रभाग में 20 कर्मचारी बढाने का अनुरोध आयुक्त महोदया से किया जाएगा. उसी प्रकार आमसभा में भी यह विषय उठाएंगे. लवीना हर्षे ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए बताया कि, सर्वाधिक वीआईपी हमारे प्रभाग से ही गुजरते हैं. ऐसे में किसी वीवीआईपी की विजिट पर हमारे सफाई कर्मी अन्यत्र व्यस्त कर दिए जाते हैं. यह एरिया बडा है. मार्केट एरिया है. अंबादेवी और एकवीरा देवी भी हमारे प्रभाग में सम्मिलित है, इसलिए यहां सफाई कर्मियों की संख्या बढनी ही चाहिए. उल्लेखनीय है कि, लवीना हर्षे का पीहर अमरावती कल्याण नगर का ही है. वे अमरावती के लोगों की समस्याओं से भलीभांती अवगत है.