स्पर्धा परीक्षा में निरंतरता और अनुशासन आवश्यक
अधिकारियों ने मार्गदर्शन शिविर में विद्यार्थियों को किया प्रेरित

अमरावती/दि.7 – राज्य एवं केंद्र स्तर की स्पर्धा परीक्षाओं के लिए पाठ्यक्रम निर्धारित है. ऐसे में अध्ययन हेतु पुस्तकों एवं सूचना स्रोतों का विवेकपूर्ण चयन करना आवश्यक है. प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए निरंतरता, अनुशासन और योजनाबद्ध अध्ययन अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसा प्रतिपादन स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन शिविर में किया गया.
जिला नियोजन सभागृह में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन शिविर में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सागर भामरे तथा भारतीय वन सेवा के अधिकारी प्रांजल चोपड़े ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया. इस अवसर पर श्री भामरे ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं की परीक्षाओं में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी वर्गों के विद्यार्थी सफल हो सकते हैं. हालांकि स्पर्धा परीक्षाओं की तैयारी करते समय वैकल्पिक मार्गों पर भी विचार करना आवश्यक है. इन परीक्षाओं के लिए समय सीमा निश्चित होने के कारण परीक्षा से पूर्व संपूर्ण पाठ्यक्रम की जानकारी होना जरूरी है. इसके लिए विज्ञापन में उल्लेखित पाठ्यक्रम तथा पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्र अत्यंत उपयोगी होते हैं. वैकल्पिक विषय का चयन करते समय पाठ्यक्रम की उपलब्धता एवं उचित मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है. साथ ही अपनी व्यक्तिगत क्षमताओं और कमजोरियों को पहचानकर तैयारी करनी चाहिए. वर्तमान घटनाक्रम के लिए गुणवत्तापूर्ण समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं का अध्ययन आवश्यक है.मार्गदर्शन करते हुए श्री चोपड़े ने कहा कि वैकल्पिक विषय का चयन सोच-समझकर करें तथा आवश्यकता होने पर विषय बदलने से न हिचकें. स्पर्धा परीक्षाओं में सफलता के लिए प्रतिदिन सात से आठ घंटे का गुणवत्तापूर्ण अध्ययन आवश्यक है. इसके साथ ही मॉक टेस्ट देना जरूरी है, जिससे परीक्षा प्रणाली को समझने में सहायता मिलती है. लेखन अभ्यास पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा प्रश्नों को निर्धारित समय में हल करने का प्रयास करना चाहिए. इन परीक्षाओं में सफलता हेतु धैर्य अत्यंत आवश्यक है तथा असफलता के समय मार्गदर्शक एवं सहयोगी मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है.कार्यक्रम का संचालन जिला ग्रंथालय अधिकारी डॉ. सुरज मडावी ने किया. ग्रंथालय सहायक संचालक राजेश पाटील ने आभार प्रदर्शन किया. इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों के प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए.