वायएसपी में शामिल होंगे संदीप और मीरा कांबले
स्वयं की घोषणा, महापालिका की चर्चित नगरसेविका

* पुत्र ने कहा – विकास कामों हेतु सत्तापक्ष संग जाने का निर्णय
* रवि राणा को बताया कर्तव्यदक्ष और दबंग विधायक
अमरावती/ दि. 7- बडनेरा जूनी बस्ती प्रभाग 21 की नगरसेविका मीरा कांबले के पुत्र संदीप कांबले ने शीघ्र विधायक रवि राणा की युवा स्वाभिमान पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर दी है. मीडिया से बातचीत में संदीप कांबले ने स्पष्ट कहा कि अपने प्रभाग के चौमुखी विकास के संदर्भ में मिले ठोस आश्वासन के कारण उन्होंने सत्तापक्ष संग जाने का निर्णय किया. एमआयएम टिकट पर निर्वाचित हुई नगरसेविका मीरा कांबले ने शुक्रवार को महापौर और उप महापौर चुनाव में महायुति का खुल्लमखुल्ला साथ दिया था. जिससे विदर्भ और राज्य में खलबली मची थी.
विकास तभी जब हो सत्ता का साथ
संदीप कांबले ने मनपा आमसभा के सनसनीखेज घटनाक्रम पश्चात मीडिया से बात करते हुए यह भी कहा कि जुनी बस्ती प्रभाग के अनेकानेक विकास काम वर्षो से लटके पडे हैं. विकास कामों को लेकर ठोस आश्वासन उन्हें मिला. उसी प्रकार 4-6 ऐसे काम है. जो सत्ता पक्ष के साथ रहने पर ही हो सकते हैं. ऐसे में वायएसपी के साथ जाने का निर्णय किया. उन्होंने कहा कि विधायक रवि राणा ने भी साथ आने का आवाहन किया है. इसलिए शीघ्र पक्ष प्रवेश होनेवाला है. संदीप कांबले अपने क्षेत्र में वर्षो से काम कर रहे हैं. उन्होंने आंबेडकरी जनता और मुस्लिम वोटर्स तथा एमआईएम को उनके कदम से पहुंची ठेस के लिए क्षमा याचना भी की है. यह सफाई दी कि वर्षो से अटके पडे कई कामों को वे जनहित में करवाने जा रहे हैं. उन्होंने जनता से इन कामों को पूरा करने का वादा चुनाव दौरान किया था. अत: जनहित में ही उन्होंने सत्तापक्ष के साथ जाने का निर्णय किया.