पुराने विवाद पर पत्थर से कूचलकर हत्या
वाशिम शहर के पंचशील नगर की घटना

वाशिम /दि.11 – पुराने विवाद के चलते पत्थर से कूचलकर एक 39 वर्षीय व्यक्ति की हत्या किए जाने की घटना शहर के पंचशील नगर परिसर में 9 फरवरी को उजागर हुई. पुलिस ने घटना के कुछ घंटों बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मृतक युवक का नाम राजू तुलसीराम कांबले है. जबकि आरोपी युवक का नाम यश तोमर उर्फ ठाकुर (20) है.
9 फरवरी की मध्यरात्री को गश्त जारी रहते पुलिस को पंचशील नगर के संत गाडगेबाबा शाला के पास एक व्यक्ति का खून से सना शव बरामद हुआ. प्राथमिक जांच में सिर पर पत्थर मारकर हत्या किए जाने की बात स्पष्ट हुई. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा कर जांच शुरु की. नागरिकों से पूछताछ करने पर मृतक की शिनाख्त राजू तुलसीराम कांबले के रुप में हुई. यह घटना रात 10 से 12 बजे के दौरान घटित होने का अनुमान है. आरोपी का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड की सहायता ली गई. लुसी नामक श्वान ने संदिग्ध के घर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी वहां न मिलने से पुलिस ने उसके साथ रहे एक नाबालिग को कब्जे में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में संबंधित नाबालिग ने यश तोमर ने ही राजू कांबले के सिर पर पत्थर मारकर हत्या की रहने की जानकारी दी. यह जानकारी मिलते ही पुलिस के दल ने यश तोमर को तत्काल गिरफ्तार कर लिया.





