चित्रा चौक उडानपुल निर्माण का काम प्रगति पर

15 से टांगा पडाव-नागपुरी गेट मार्ग रहेगा बंद?

* सामने रमजान का पवित्र महीना
* हाईकोर्ट के हैं फ्लाईओवर पूर्ण करने के निर्देश
अमरावती/दि.11 – आगामी 15 फरवरी से टांगा पडाव-नागपुरी गेट मार्ग सभी प्रकार के वाहनों और नागरिकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, इस प्रकार के आदेश जारी होने की संभावना है. इसके पीछे चित्रा-पठान चौक उडानपुल का निर्माण कार्य तेज करने की वजह बताई गई है. इस मार्ग का सीधा पर्यायी रास्ता उपलब्ध न होने से जवाहर गेट-सक्करसाथ सहित अन्य मार्गों पर वाहनों व लोगों की आवाजाही बढ जाएगी. उडानपुल का प्रलंबित काम तेजी से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश बंबई हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने दे रखे हैं.
उल्लेखनीय है कि, उक्त मार्ग बंद किया जाता है, तो ट्रान्सपोर्टर्स की परेशानी बढ सकती है. जबकि प्रशासन के अनुसार बडा भारी निर्माण कार्य होनेवाला है. अत: दुर्घटना टालने के लिए आवाजाही बंद करने का निर्णय किया गया है. यातायात विभाग ने ट्रांसपोर्टर्स से बैठकें व चर्चा शुरु कर दी है. तथापि अभी तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है. किंतु सूत्रों ने बताया है कि, आगामी रविवार 15 तारीख से यह मार्ग पूर्ण रुप से बंद किया जाएगा. नागपुरी गेट से इतवारा की ओर जानेवाले वाहनों हेतु एकेडेमिक ग्राउंड से पर्यायी रास्ता उपलब्ध कराया गया है. सक्करसाथ क्षेत्र का रास्ता भी बंद रहेगा. जिससे ट्रैफिक का दबाव भाजीबाजार सहित अन्य मार्गों पर बढ जाएगा. बता दें कि, 17 फरवरी से बोहरा समाज का पवित्र रमजान माह प्रारंभ हो रहा है. रमजान माह में विशेष मेले, दुकाने जवाहर गेट पर सजती है.

Back to top button