अमरावती में ‘दिशा’ समिति की समीक्षा बैठक संपन्न; 31 मनपा स्कूलों में सोलर प्रोजेक्ट हेतु बजट की मांग

अमरावती/दि.18 जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर 12 बजे नियोजन भवन, जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई. बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक की अध्यक्षता सांसद बलवंत वानखड़े ने की. इस अवसर पर विधायक गजानन लवटे, विधायक प्रवीण तायडे, जिलाधिकारी आशिष येरेकर, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता महापात्र तथा मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में अमरावती के नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा. उन्होंने महानगरपालिका के अंतर्गत आने वाली सभी स्कूलों में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने के लिए नियोजन विभाग से स्वतंत्र बजट प्रावधान की मांग की.
महापौर ने बताया कि मनपा की कुल 63 स्कूलों में से 32 स्कूलों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 31 स्कूलों में सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करना बाकी है. इन 31 स्कूलों के लिए आवश्यक निधि शीघ्र स्वीकृत की जाए, ताकि प्रकल्प को पूर्ण किया जा सके. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा परियोजना से स्कूलों के बिजली खर्च में उल्लेखनीय बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही विद्यार्थियों में नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. स्वच्छ और हरित अमरावती की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा. महापौर के प्रस्ताव पर सांसद बलवंत वानखड़े ने सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया. संबंधित विभागों को प्रस्ताव का विस्तृत अहवाल प्रस्तुत करने और तकनीकी व वित्तीय पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवाणी का अभिनंदन भी किया गया. उन्हें समाज सुधारिका सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं.

Back to top button