महाराजस्व अभियान के तहत राजस्व वसूली पर फोकस

लक्ष्य पूर्ण करने के लिए ठोस योजना बनाएं

* विभागीय आयुक्त श्वेता सिंघल के निर्देश
अमरावती/दि.2 – राज्य शासन द्वारा संचालित छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व अभियान के अंतर्गत समाधान शिविर अभियान का पहला चरण शुरू किया गया है. इस अभियान के माध्यम से गांवों में सुविधाएं उपलब्ध कराकर नागरिकों का जीवनस्तर सुधारने का लक्ष्य रखा गया है.
इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय आयुक्त श्वेता सिंघल ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों के साथ-साथ राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए तथा लक्ष्य पूर्ति के लिए समुचित नियोजन किया जाए. नियोजन भवन में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता महापात्र, धारणी के उपविभागीय अधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला, परिवीक्षाधीन अधिकारी कौशल्या एम., अपर आयुक्त अजय लहाने, अतिरिक्त जिलाधिकारी गोविंद दानेज, निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकड़े, सह जिला निबंधक अनिल औतकर, जिला भूमि अभिलेख अधिकारी महेश शिंदे तथा जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी राहुल सातपुते सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

* प्रकरणवार समीक्षा के निर्देश
आयुक्त सिंघल ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य की पूर्ति के लिए वसूली कर्मियों की नियमित समीक्षा की जाए. उपविभागीय अधिकारी प्रकरणवार समीक्षा लेकर लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें.

* पुनर्वसन और गुणवत्ता पर जोर
भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान पुनर्वसन कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए. पुनर्वसित गांवों में मूलभूत सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं. कार्य प्रगति के दौरान अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता जांचने तथा आवश्यक सुधार सुझाने के लिए कहा गया. परियोजना प्रभावितों को मुआवजा देते समय प्लॉट का आवंटन भी साथ-साथ किया जाए. सभी नागरिक सुविधाएं एकत्रित रूप से उपलब्ध कराई जाएं तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मुआवजा वितरण की वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग की जाए.

* सिंचाई परियोजनाओं की होगी प्रकल्पवार समीक्षा
आयुक्त ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रकल्पवार समीक्षा की जाएगी. साथ ही पानीपट्टी और करपट्टी की वसूली पर भी विशेष जोर दिया गया. अभियान के तहत तहसील स्तर पर शिविरों के आयोजन की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनजागरण के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रील्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए.

Back to top button