भीषण दुर्घटना में तीन नाबालिगों की मौत
अकोला जिले के तेल्हारा थाना क्षेत्र के शेरी फाटा की घटना

* मृतकों में दो सगे भाईयों का समावेश
* तीनों मृतक मालेगांव बाजार के रहनेवाले
अकोला/दि.2 – अकोला जिले के तेल्हारा थाना क्षेत्र में आनेवाले शेरी फाटा के पास आयशर ट्रक ने सडक किनारे बंद पडी दुपहिया के पास खडे तीन नाबालिगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में तीनों नाबालिगों की मृत्यु हो गई. मृतकों में दो सगे भाई का समावेश है. तीनों मृतक मालेगांव बाजार के रहनेवाले बताए जाते है. मृतकों के नाम दशरथ रामेश्वर वैष्णव (16), साई रामेश्वर वैष्णव (12) और गणेश दीपक अप्तूरकर (16) है.
जानकारी के मुताबिक मालेगांव बाजार निवासी तीनों नाबालिग युवक शेरी फाटा के पास सडक किनारे बंप पडी दुपहिया के पास खडे थे. उसी समय अंधिगति से आ रहे आयशर ट्रक के चालक ने अपनी गाडी तेज रफ्तार से लापरवाही से चलाते हुए तीनों नाबालिगों को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, दो नाबालिगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि एक जख्मी नाबालिग को गंभीर अवस्था में नागरिकों ने तेल्हारा के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड दिया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. हादसे की जानकारी मिलते ही तेल्हारा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा और उन्होंने स्थिति को काबू में कर लिया. पंचनामा कर मृतकों के शव तेल्हारा ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिए है. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है. इस घटना से मालेगांव बाजार में शोक व्याप्त है.





