इस बार मेलघाट में होली पर जमकर तपेगी राजनीति
कल से पूर्व मंत्री बच्चू कडू की मेलघाट में संघर्ष यात्रा हुई शुरु

* आज से राणा दंपति भी होली पर मेलघाट के दौरे पर
* कल जिला कांग्रेस का होली निमित्य मेलघाट दौरा
* तीनों दलों के दौरों के चलते मेलघाट में रहेगी गहमा-गहमी
अमरावती/दि.2 – आदिवासी बहुल मेलघाट क्षेत्र में होली के पर्व की धामधूम वैसे ही काफी अधिक रहती है. लेकिन इस बार मेलघाट क्षेत्र में होली के पर्व पर त्यौहार की धामधूम के साथ-साथ जबरदस्त राजनीतिक गहमा-गहमी व सरगर्मी दिखाई देने के भी पूरे आसार बन गए है. क्योंकि ऐन होली पर्व के मुहाने पर जहां गत रोज प्रहार पार्टी के नेता व पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने मेलघाट में अपनी संघर्ष यात्रा को शुरु किया है और वे 9 मार्च तक मेलघाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों को भेंट देंगे. वहीं प्रति वर्ष होली का पर्व मेलघाट के आदिवासियों के साथ मनाने की अपनी परंपरा के तहत भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद नवनीत राणा तथा उनके पति व विधायक रवि राणा अपने कई समर्थकों के साथ आज सुबह ही मेलघाट क्षेत्र के दौरे पर रवाना हुए, जो आज व कल पूरे दो दिन मेलघाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों को भेंट देते हुए वहां के आदिवासी ग्रामिणों के साथ होली का पर्व मनाएंगे. इसके साथ ही इस बार होली पर्व के निमित्य अमरावती जिला ग्रामीण कांग्रेस कमिटी ने भी बुधवार 4 मार्च को अपना मेलघाट दौरा आयोजित किया है. जिसमें जिले के सांसद बलवंत वानखडे व पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर सहित ग्रामीण कांग्रेस के सभी नेता व पदाधिकारी मेलघाट के अलग-अलग गांवों को भेंट देंगे. ऐसे में कहा जा सकता है कि, इस बार मेलघाट क्षेत्र में होली के पर्व पर जबरदस्त राजनीतिक गहमा-गहमी दिखाई देगी.
* मेलघाट में बच्चू कडू की संघर्ष यात्रा हुई शुरु
– जगह-जगह लगा पुलिस का कडा बंदोबस्त
प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू द्वारा राज्य सरकार को किसान कर्जमुक्ति सहित किसानों व आदिवासियों के अधिकारों से याद दिलाने हेतु कल रविवार 1 मार्च से मेलघाट में संघर्ष यात्रा का प्रारंभ किया गया. गत रोज सेमाडोह में आयोजित एक सभा के बाद पूर्व मंत्री बच्चू कडू के नेतृत्वतले यह पदयात्रा शुरु हुई. जिसके तहत मेलघाट क्षेत्र के दुर्गम व अतिदुर्गम आदिवासी गांवों को भेंट देते हुए करीब 250 किमी की दूरी को पैदल ही पूरा किया जाएगा. पूर्व मंत्री बच्चू कडू की इस पदयात्रा को देखते हुए धारणी व चिखलदरा पुलिस द्वारा मेलघाट क्षेत्र में जगह-जगह पर तगडा बंदोबस्त तैनात किया गया है. साथ ही चिखलदरा पुलिस ने इस यात्रा के लिए बेहद कडे नियम व शर्त लागू किए है. जिनका पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व मंत्री बच्चू कडू व उनके समर्थकों को पालन करना होगा. इसके साथ ही पूर्व मंत्री बच्चू कडू द्वारा अब तक किए गए आंदोलनों की तीव्रता को देखते हुए पुलिस द्वारा पदयात्रा के दौरान किसी भी तरह की अनुचित घटना या गडबडी को रोकने के लिहाज से आवश्यक उपाय करने के साथ ही जगह-जगह पर वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है. बता दें कि, पूर्व मंत्री बच्चू कडू द्वारा 1 मार्च से शुरु की गई यह पदयात्रा आगामी 9 मार्च तक चलती रहेगी और इस दौरान मेलघाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों को भेंट दी जाएगी.
* राणा दंपति होली मनाने पहुंचे मेलघाट
– हरिसाल, धारणी, राणीगांव, सुसर्दा व साद्रबाडी मेंडी में हुआ जल्लोषपूर्ण स्वागत
प्रति वर्ष होली का पर्व मेलघाट जाकर आदिवासियों के साथ मनाने की अपनी परंपरा के तहत युवा स्वाभिमान पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष व बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा तथा भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद नवनीत राणा आज सुबह 10 बजे अमरावती से मेलघाट के दौरे पर रवाना हुए और दोपहर 12 बजे के आसपास हरिसाल गांव पहुंचे. जहां पर क्षेत्र के आदिवासियों सहित भाजपा व वायएसपी समर्थकों द्वारा उनका जल्लोषपूर्ण स्वागत किया गया. इस समय पूर्व सांसद नवनीत राणा ने सभी उपस्थितों का अभिवादन स्वीकार करने के साथ ही उन्हें अपने हाथों से भोजन वितरित किया. इसके उपरांत राणा दंपति धारणी शहर होते हुए राणीगांव कंजोली पहुंचे. जहां पर उन्होंने शिवझिरी घाट में हुए भीषण हादसे के शिकार मजदूरों के परिजनों तथा घायल मजदूरों से मुलाकात करते हुए उनकी सांत्वना की. जिसके उपरांत राणा दंपति ने सुसर्दा व साद्राबाडी गांव को भेंट दी और शाम के समय धारणी पहुंचकर आदिवासी बांधवों के साथ पारंपरिक रुप से होलिका पूजन व होलिका दहन किया. सभी स्थानों पर राणा दंपति का संबंधित क्षेत्रवासियों द्वारा जबरदस्त स्वागत किया गया. जिसके उपरांत राणा दंपति अपने समर्थकों सहित अगले गंतव्यों के लिए रवाना हुए.
बता दें कि, आज शाम राणा दंपति द्वारा बासपानी, दिया, धारणमहू, काकरमल, चाकर्दा, उतावली व कोलखास गांवों को भेंट दी जाएगी. जिसके उपरांत कल पूरा दिन राणा दंपति द्वारा मेलघाट के अन्य कई गांवों को भेंट देते हुए आदिवासी समाजबंधुओं के साथ रंगोत्सव में हिस्सा लिया जाएगा.

* परसों से कांग्रेस नेताओं का होली निमित्य मेलघाट दौरा
इसके साथ ही होली पर्व के निमित्य अमरावती जिला ग्रामीण कांग्रेस कमिटी द्वारा भी आदिवासी समाजबंधुओं के साथ होली का पर्व मनाने हेतु मेलघाट दौरे का आयोजन किया जा रहा है. जिसके तहत जिले के सांसद बलवंत वानखडे, पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर, कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र जगताप व राजकुमार पटेल तथा पूर्व जिप सभापति दयाराम काले सहित चिखलदरा व धारणी तहसील कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा चिखलदरा तहसील के बोराला, गाडसिंबा, नागापुर, तेलखार, एकझीरा, वस्तापुर व जारीदा गांवों को भेंट दी जाएगी.
उक्ताशय की जानकारी देते हुए कांग्रेस के चिखलदरा तहसील अध्यक्ष सहदेव बेलकर, धारणी तहसील अध्यक्ष महेंद्र गैहरवाल व युवक कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष राहुल येवले सहित रोशन साबले ने दोनों तहसीलों के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों से कांग्रेस के मेलघाट दौरे में उपस्थित रहने का आवाहन किया है.





