नांदेड़ में मेडिकल छात्रा की आत्महत्या
राकांपा के नेता पर मामला दर्ज

* परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
नांदेड/दि.7 – महाराष्ट्र के नांदेड़ में होम्योपैथी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या से हड़कंप मच गया है. मृत छात्रा की पहचान आकांक्षा गायकवाड (25) के रूप में हुई है. वह शहर के सिडको क्षेत्र स्थित एक छात्रावास में रह रही थी, जहां उसने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में छात्रा के परिजनों की शिकायत के आधार पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश सचिव जीवन घोगरे पाटील के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. परिवार का आरोप है कि छात्रा को बकाया शुल्क को लेकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया.
पुलिस के अनुसार आकांक्षा गायकवाड शामराव कदम होम्योपैथिक महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी. वह कॉलेज के सामने स्थित एक इमारत में किराये के कमरे में रहती थी, जो कथित तौर पर जीवन घोगरे पाटील से जुड़ी बताई जा रही है. शनिवार को छात्रा ने उसी छात्रावास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
* पिता ने जताया हत्या का संदेह
मृतका के पिता मुजाजी गायकवाड ने बेटी की आत्महत्या पर संदेह जताते हुए कहा कि उनकी बेटी बेहद मेधावी थी और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकती. उनका आरोप है कि आकांक्षा की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है. उन्होंने कहा कि जब तक मामले की पूरी जांच कर दोषियों को सजा नहीं दी जाती और उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलता, तब तक वे अंत्येष्टि नहीं करेंगे.
* छात्रावास में रहती थीं 40 से अधिक छात्राएं
पुलिस के अनुसार जिस छात्रावास में यह घटना हुई, वहां करीब 40 से 45 छात्राएं रहती थीं. घटना के बाद पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है और छात्रावास से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. छात्रा के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जीवन घोगरे पाटील के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. इस मामले की आगे की जांच नांदेड़ ग्रामीण पुलिस द्वारा की जा रही है. घटना के बाद शहर में काफी चर्चा और आक्रोश का माहौल है.





