24 घंटे में विवाहित महिला समेत 5 लड़कियां लापता
लोगों में दहशत का माहौल, आखिर राज्य में क्या हो रहा है?

बुलढाणा/मुंबई/दि.12 – राज्य में महिलाओं और लड़कियों के लगातार लापता होने की घटनाओं ने आम नागरिकों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर बुलढाणा जिले में पिछले कुछ समय से लड़कियों और विवाहित महिलाओं के अचानक गायब होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामले में बीते 24 घंटे के भीतर एक विवाहित महिला समेत पांच लड़कियां और एक युवक लापता हो गए हैं. इस घटना के बाद जिले में दहशत और असुरक्षा का माहौल बन गया है.
बताया जा रहा है कि बुलढाणा जिले में औसतन हर दिन पांच से छह लड़कियां या विवाहित महिलाएं लापता हो रही हैं. इस पर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हाल ही में पुलिस विभाग ने एक प्रेस नोट जारी कर दावा किया था कि पिछले वर्ष लापता हुई महिलाओं में से 87 प्रतिशत को खोज लिया गया है. हालांकि इस प्रेस नोट में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई, जिससे लोगों में असंतोष देखा जा रहा है. आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 10 मार्च तक जिले में कुल 289 लोग लापता हुए हैं, जिनमें 200 से अधिक महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं. महिलाओं और किशोरियों के बढ़ते लापता होने के मामलों से अभिभावकों में चिंता और भय का माहौल है.
इधर नाशिक जिले के इगतपुरी तालुका के टिटोली रेलवे क्वार्टर क्षेत्र से भी दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक 14 और 11 वर्षीय दोनों लड़कियां 10 मार्च को दोपहर एक बजे के बाद अचानक घर से गायब हो गईं. आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. इस मामले में लड़की की मां की शिकायत पर इगतपुरी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस द्वारा क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया जा रहा है.
* ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की तलाश
इस बीच लापता बच्चों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न अभियान भी चलाए जा रहे हैं. पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्तालय द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत 121 नाबालिग बच्चों को खोजकर उनके परिवारों के सुपुर्द किया गया है. पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ बच्चे प्रेम संबंधों के कारण तो कुछ पारिवारिक विवादों की वजह से घर छोड़कर चले गए थे. यह अभियान 20 जनवरी से फरवरी महीने के बीच चलाया गया था और आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है.
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का बच्चा या परिवार का सदस्य लापता हो जाए तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उसकी तलाश शुरू की जा सके.





