40 दिनों बाद हुआ हत्याकांड का खुलासा

कॉलेज एचओडी राजा लोंढे की गोली मारकर हत्या

* फिल्म दृश्यम स्टाइल से साजिश रचने का आरोप
छत्रपति संभाजीनगर/दि.16 – शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के पूर्व डीन राजा सुबराम लोंढे के गत 40 दिनों से लापता होने का केस आखिरकार पुलिस ने हल कर भयंकर खुलासा किया है. दरअसल राजा लोंढे की दृश्यम फिल्म स्टाइल में हत्या कर लाश जंगल में गहरा गड्ढा कर गाड दिये जाने का पर्दाफाश हुआ है. घटना उजागर होने से संपूर्ण संभाजी नगर में खलबली मची है. वहीं पुलिस ने तीन युवकों को राजा लोंढे के कत्ल के सिलसिलें में बंदी बनाया है.
जानकारी के अनुसार राजा लोंढे सरकारी कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे. गत 5 फरवरी को वे नदारद हो गये. लोंढे परिवार ने पुलिस में शिकायत दी. जांच शुरु की गई. आरंभ में पुलिस को कोई क्ल्यू हाथ नहीं लग रहा था. अपराध शाखा को जांच सौंपी गई. तकनीकी पडताल और सीसीटीवी फुटेज बारीकी से खंगाले गये. जिसके बाद पुलिस ने विशाल विकास राठोड को संदिग्ध पाया.
विशाल राठोड की गतिविधियों पर निगरानी करने के बाद उसे डिटेन किया गया. पूछताछ शुरु की गई, तो जांच में हिंदी और मलियालम की चर्चित फिल्म दृश्यम की कहानी भी मात खा जाये, इस प्रकार का भयंकर खुलासा हुआ. आरोपी विशाल राठोड का राजा लोंढे से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. लोंढे को खत्म करने का आरोपी ने ठान लिया और गेवराई तांडा के जंगल में जेसीबी से दो बडे गड्ढे घटना से तीन दिन पहले ही खोद रखे थे. उसने जेसीबी चालक को यह कहकर गुमराह किया था कि, गुप्त धन की खोज में यह खुदाई की जा रही है.
5 फरवरी को आरोपियों ने राजा लोंढे को दौलताबाद के एक फार्महाउस पर पार्टी हेतु बुलाया. वहां खूब शराब पिलाई गई. लौटते वक्त साजापुर शिवार में रेल्वे पुल के पास आरोपियों ने लोंढे के सिर में गोली मार उसका कत्ल कर दिया. फिर पहले से तय और खोदे गये गड्ढे में ले जाकर शव फेंक दिया.
उपरान्त मुख्य आरोपी विशाल ने पुलिस को गुमराह करने का काफी प्रयास किया. उसने पुलिस को बताया कि, लोंढे को उस रात उन्होंने सिपना अस्पताल के पास छोडा था. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और शहर के कुछ सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया. विशाल का झूठ पकडा गया. खाकी की धाक दिखाते ही उसने अपराध कबूल कर लिया. पुलिस ने विशाल राठोड के साले आकाश विनोद पवार और मित्र करण विलास आडे सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार के मार्गदर्शन में संभाजीनगर के चर्चित हत्या प्रकरण का जोरदार खुलासा हुआ है. किंतु इस पर्दाफाश ने लोगों को डरा भी दिया है.

Back to top button