इंस्टाग्राम के जरिए दो बच्चों की मां को प्रेमजाल में फांसा, गर्भवती होते ही प्रेमी फरार
सोशल मीडिया से शुरु हुई प्रेम कहानी अब पहुंची पुलिस तक

अमरावती/छत्रपति संभाजीनगर/दि.18- सोशल मीडिया के माध्यम से परिचय के बाद उत्पन्न संबंधों को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है. दो बच्चों की मां ने एक युवक के खिलाफ विवाह का आश्वासन देकर संबंध स्थापित करने, बाद में मुकरने तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 30 वर्षीय महिला, जो अपने पति से अलग रहकर बच्चों के साथ अमरावती में निवास कर रही थी, की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से हुई. संवाद बढ़ने के साथ दोनों के बीच निकटता विकसित हुई. महिला का आरोप है कि युवक ने विवाह का आश्वासन देकर उससे संबंध स्थापित किए. साथ ही उस युवक ने उक्त महिला को छत्रपति संभाजीनगर के समीप एक स्थान पर बुलाया, जहां कुछ समय तक उसके साथ रहा. बाद में वह अमरावती भी आया और वहां भी मुलाकातें हुईं. इस दौरान महिला गर्भवती हो गई. महिला का कहना है कि गर्भावस्था के बाद उसने विवाह का प्रस्ताव रखा, लेकिन आरोपी युवक ने इससे इंकार कर दिया. साथ ही उस पर गर्भपात के लिए दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
इस संबंध में अमरावती के फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है. प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला जांच हेतु संबंधित थाना क्षेत्र को स्थानांतरित किया गया है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध स्थिति में तुरंत कानून की सहायता लें.





